Breaking News

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर मजदूरों का हुआ सम्मान

दुद्धी, सोनभद्र– अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर रविवार को दुद्धी व्लाक परिसर में राज्यस्तरीय श्रमिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी मनीष मिश्रा ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों और श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए कटिबद्ध है एवं हर संभव प्रयास कर रही है। श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा पहले से ही श्रमिकों के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। जिसका लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिकों को संबंधित विभाग में अपना निबंधन कराना है। इसके बाद जन्म से लेकर मृत्यु तक की कई योजनाएं हैं, जिसका लाभ श्रमिकों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों को सम्मान दिया जाता है। सरकार द्वारा मजदूरों के हित के लिए कई नई-नई योजनाएं लाई गयी है, ताकि उससे अधिक से अधिक श्रमिक वर्ग को आच्छादित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लायी जा सके। इसके लिए एक नहीं बल्कि अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है जैसे-चिकित्सा सहायता योजना, पेंशन योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, विवाह सहायता योजना, मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृति योजना आदि। विभिन्न स्थलों पर रोजगार मेला का आयोजन कर योग्यता के आधार पर नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि रोजगार के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। वहीं दस लोगों को प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।

खंड विकास अधिकारी ने सभा में आए रोजगार सेवकों और प्रतिभागी मजदूरों को अपने गांव में अधिक से अधिक मनरेगा के अंतर्गत रोजगार सृजन के विषय में बताया और जल स्तर से संबंधित विभिन्न प्रोजेक्ट के महत्व को बताया। बदलते वैश्विक परिवेश में गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। इस मौके पर रजनीश मिश्र रामप्यारे आनंद कुमा विजय शंकर दिलीप कुमार सहित दर्जनों लोग मौजुद रहे।

उधर एक दूसरे कार्यक्रम के तहत टाउन क्लब मैदान दुद्धी पर अखिल भारतीय वन- श्रमजीवी यूनियन द्वारा बैठक आहूत की गई। बैठक में मजदूर व रसोइया महिलाओं ने अपने अधिकार को लेकर बैठक किया। बैठक में श्रम कानून को फिर से बहाल करने, ठेका मजदूरी को खत्म करके नियमित रोजगार को सुनिश्चित करने, मजदूर वर्ग के ऊपर साम्प्रदायिक व राजनैतिक दमन खत्म करने व वनाधिकार कानून के तहत आदिवासियों को अधिकार देने के साथ अन्य मांगो को लेकर बैठक किया गया। बैठक के दौरान सभी मजदूर व रसोइया महिलाओं ने निर्णय लिया कि अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन सोमवार को एसडीएम दुद्धी को सौपेंगे। इस मौके पर राजकुमारी, प्रमिला, धर्मजीत समेत सैकड़ो मजदूर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button