Breaking News

गोरखपुर :संवाद से सुगम होता है समस्याओं का समाधान : मुख्यमंत्री

गीडा में निवेशकों को उपलब्ध कराएं सभी आवश्यक सुविधाएं : सीएम योगी.उद्योग जगत व विकास परियोजनाओं की समीक्षा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने.

गोरखपुर । उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर हो। इसमें समयबद्धता और निस्तारण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं ससमय उपलब्ध कराएं ताकि जिले में अधिकाधिक निवेश हो सके। उद्यमियों के साथ लगातार संवाद की स्थिति बनी रहे क्योंकि संवाद से समस्याओ को समाधान सुगम होता है।

यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही। वह गुरुवार दोपहर बाद सहजनवा में अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद विद्यालय परिसर में बने कॉटेज में उद्योग जगत व विकास से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी गीडा को निर्देशित किया कि गीडा में उद्यमियों की समस्याएं लंबित नहीं रहनी चाहिए। उद्यमियो के साथ संवेदनशील एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार अपनाया जाये। विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि निर्माण कार्यों कीगुणवत्ता की जांच अवश्य करायी जाये। कार्य मानक के अनुरूप होने चाहिए। कोई भी गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

विकास कार्य में कहीं भी विलम्ब या लापरवाही नही होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सहजनवां में पालीटेक्निक, खाद कारखाना परिसर में सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे आदि के निर्माण कार्यो की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे पर मिट्टी के कार्य को बरसात के पूर्व करा लिये जाये ताकि बरसात में निर्माण कार्य प्रभावित न हो। सहजनवां पालीटेक्निक के सम्बंध में बताया गया कि इस साल में कार्य पूर्ण हो जायेगा। यह भी बताया गया कि अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण सितम्बर 2022 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

निर्धारित समय में पूरा करें कौवाबाग-बरगदवा फोरलेन का निर्माण : सीएम योगी

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए कौवाबाग-बरगदवा फोरलेन का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी ने प्रशासन व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को यह निर्देश कौवाबाग-बरगदवा फोरलेन के निरीक्षण के दौरान दिए। गुरुवार शाम उन्होंने 196 करोड़ रुपये की लागत से 8.56 किलोमीटर की लंबाई में निमार्णाधीन फोरलेन सड़क का निरीक्षण किया। साथ ही प्रोजेक्ट मैप का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में समयबद्धता और गुणवत्ता अनिवार्य शर्त होनी चाहिए। इस फोरलेन का निर्माण 30 जून तक अवश्य पूर्ण हो जाना चाहिए।इस दौरान उन्होंने खुद भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को देखा। निरीक्षण के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे रविद्र गौड़, जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द आदि मौजूद रहे।

आर्यावर्त एमआरआई सेंटर का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी का बड़ा केंद्र बन रहा है। कभी समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश में इलाज के नाम पर एकमात्र बड़ा केंद्र गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज ही था, वह भी खुद बीमार स्थिति में। पांच वर्षों में अब इसी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवा शुरू हो गई है। यहां एम्स खुल चुका है। निजी क्षेत्र में जांच व इलाज की तमाम सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं मिलने लगी हैं।

सीएम योगी गुरुवार शाम रामगढ़ताल-सर्किट हाउस रोड स्थित आर्यावर्त पेट-सीटी, गामा कैमरा एंड थ्री टी एमआरआई सेंटर का उद्घाटन करने के बाद यहां उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आर्यावर्त एमआरआई सेंटर की करीब ढाई दशक की चिकित्सा सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वह खुद और उनके पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज आर्यावर्त आते थे। अब यह विश्वसनीय संस्था पूर्वांचल की पहली पेट-सीटी स्कैन जांच की सेवा देने वाली संस्था बन गई है। इस सेंटर का शुभारंभ गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात के लिए भी आर्यावर्त सेंटर की सराहना की कि यहां चैरिटी रेट पर जांच की जाती है। पेट-सीटी स्कैन व अन्य अत्याधुनिक जांचों के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।

संस्था व सरकार के लिए जन विश्वास बहुत बड़ी पूंजी

सीएम योगी ने कहा कि संस्था हो या सरकार, जन विश्वास उसके लिए बहुत बड़ी पूंजी होती है। डेढ़ दशक तक गुरु श्रीगोरक्षनाथ अस्पताल के मरीजों व उनके परिजनों से संवाद करके यह महसूस किया है कि एक कॉमन मैन (आम नागरिक) बिना किसी चीटिंग के विश्वसनीय सेवाएं-सुविधाएं चाहता है। हम सभी को जन विश्वास की यह पूंजी अर्जित करते रहने की दिशा में प्रयास करते रहना चाहिए।

सप्ताह में तीन दिन हर मरीज से पूछते थे हालचाल

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु श्रीगोरक्षनाथ अस्पताल से जुड़े संस्मरण को साझा करते हुए बताया कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने से पहले करीब पंद्रह साल तक वह सप्ताह में तीन दिन इस अस्पताल में जाते थे। एक-एक बेड पर जाकर हर मरीज से उसका हालचाल जानते थे। संवाद करते थे। जिसके पास दवा नहीं होती थी उसकी दवा की व्यवस्था की जाती। जिसे खून की जरूरत होती थी, उसे स्वैच्छिक रक्तदान से संग्रहित रक्त उपलब्ध कराया जाता था। कोशिश यह कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज न रुके।

हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज की ओर अग्रसर है सरकार

सीएम योगी ने कहा कि कभी पूर्वी उत्तर प्रदेश में बीएचयू के बाद सिर्फ गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज था। आज सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की ओर अग्रसर है। देवरिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, कुशीनगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, महराजगंज आदि जनपदों में मेडिकल कॉलेज बन गया है या बन रहा है।

बच्चों को साथ लेकर उद्घाटन किया सीएम ने

आर्यावर्त एमआरआई सेंटर के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों पर खूब प्यार-दुलार लुटाया। यहां पहुंचते ही उन्होंने स्वागत के लिए खड़े बच्चों को अपने बिलुकल पास बुला लिया। आत्मीयता से उनके माथों पर हाथ फेरते हुए उनका नाम व पढ़ाई के बारे में पूछा, खूब आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। इसके बाद सेंटर के उद्घाटन के लिए फीता खोलने और दीप प्रज्वलन के लिए भी उन्होंने बच्चों को बुला लिया। खुद अपने हाथों में इन बच्चों का हाथ लेकर फीता खोलवाया और दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर आर्यावर्त एमआरआई सेंटर के चेयरमैन आरएस अग्रवाल, निदेशक समीर अग्रवाल, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल, डॉ महेंद्र अग्रवाल, डॉ एसएन केडिया, डॉ रीना श्रीवास्तव, डॉ राजेश कुमार, डॉ एसएन अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button