
देश में पहली बार उत्तर प्रदेश में बना किन्नर कल्याण बोर्ड : सोनम चिश्ती
किन्नरों को समाज से जोड़ने के लिए गंभीरता से कार्य करें अधिकारी
कानपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किन्नरों के उत्थान के लिए उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड का गठन किया है। इस बोर्ड में प्रदेश के समस्त जनपदों में जनपद स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें जिलाधिकारी अध्यक्ष, पुलिस आयुक्त सदस्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आदि अधिकारी सदस्य नामित हैं।
जिला स्तरीय समिति किन्नरों के मुद्दों/समस्याओं के स्थानीय निराकरण के संबंध में कार्यों एवं दायित्वों का निर्वाहन करेगी। समिति प्रत्येक माह एक बार बैठक करेगी। यह बातें सोमवार को सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष सोनम चिश्ती ने कही।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किन्नर समाज के कल्याण के लिये बहुत ही सशक्त बोर्ड बनाया गया है। इसलिये समाज में इसका संदेश भी जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि किन्नर समाज कल्याण के लिये अनेक योजनाये लायी जायेगी तथा किन्नर समाज बोर्ड को सरकार से जो भी बजट प्राप्त होगा उसको किन्नर समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार के लिये उपयोग किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनपद बार किन्नर समाज के लोगों की गणना भी करायी जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि किन्नरों को समाज की मुख्य धारा से जोडने के लिये गम्भीरता से कार्य करे तथा शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार तथा आवास आदि की योजनाओं में किन्नर समाज के लोगों को चिन्हित करते हुये प्राथमिकता पर उन्हें लाभ दिलाये। उन्होंने कहा कि किन्नरों को सभी लोगों के साथ समान सम्मान व जीवन स्तर में सुधार के लिये कार्य किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बेरोजगार लोगो को आर्थिक सहयोग कराये जाने तथा ऐसे बच्चों के लिये स्कूलों में विशेष शिक्षा आदि की व्यवस्था कराये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा0 महेन्द्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 नेपाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश यादव, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित किन्नर समुदाय के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।(हि.स.)



