
नर्सिंग होम में गलत ऑपरेशन का मामला पहुंचा विधायक दरबार
सीएमओ से पीड़ित का इलाज व नर्सिंग होम संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का विधायक ने दिया निर्देश
दुद्धी, सोनभद्र– स्थानीय कस्बे में संचालित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में आदिवासी महिला का गलत ऑपरेशन किए जाने का मामला बुधवार को विधायक दरबार में पहुंच गया। भाजपा नेता व डीसीएफ अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रहरी ने पीड़िता को लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेला का उद्घाटन करने पहुंचे क्षेत्रीय विधायक रामदुलार गोंड़ के समक्ष पहुंच गए। पीड़िता की बहन राजकुमारी ने विधायक को आपबीती सुनाते हुए बताया कि दुद्धी क्षेत्र के बघाडू निवासी उसकी बहन मानमती देवी को डिलीवरी होना था। 8 जनवरी 2022 को रात्रि 8:00 बजे नगर के अमवार रोड स्थित हॉस्पिटल में उसे भर्ती कराया। प्रार्थीनी की बहन का बड़ा ऑपरेशन अयोग्य डॉक्टर से गलत तरीके से कर दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
9 दिनों तक अस्पताल में रखने के बाद 38000 का बिल भुगतान के बाद छुट्टी कर दिया गया। घर जाने के बाद मानमती की हालत और बिगड़ने लगी। दूसरे दिन पुनः उसी हॉस्पिटल ले आए तो उसे राबर्ट्सगंज के लिए रेफर कर दिया गया। जिला मुख्यालय स्थित मल्टी सिटी हॉस्पिटल में गई तो वहां चिकित्सकों द्वारा बोला गया कि मरीज का ऑपरेशन गलत तरीके से कर दिया गया है। हम लोग कुछ नहीं कर पाएंगे। आज महिला की स्थिति यह है कि उसका पेशाब डायरेक्ट हो गया है और मरीज मरने के कगार पर है। इस बाबत कोतवाली दुद्धी में अप्लीकेशन देने पर प्रभारी निरीक्षक दुद्धी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी पत्र लिखा गया है।
लेकिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। विधायक ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए मौके पर उपस्थित सीएमओ डॉ रमेश ठाकुर से पीड़िता की समुचित इलाज की व्यवस्था के साथ-साथ दोषी नर्सिंग होम संचालक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। सीएमओ ने तत्काल पीड़िता को राबर्ट्सगंज ले जाने का प्रबंध कराया साथ ही दोषी अस्पताल के विरुद्ध कार्यवाई करने की बात कही।



