Breaking News

अवैध बालू परिवहन एवं ओवरलोड में चार गाड़ियां सीज

सीओ की कार्रवाई से अवैध खनन व परिवहनकर्ताओं में हड़कम्प

दुद्धी, सोनभद्र– क्षेत्र में बालू की अवैध खनन व परिवहन थमने का नाम नही ले रहा। तमाम प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी बालू माफियाओं के लिए मुफीद जगह साबित हो रहे दुद्धी क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खेल बदस्तूर जारी है। अभी एक पखवाड़े पूर्व ही अवैध रूप से चल रहे कोरगी बालू साइड पर एसडीएम दुद्धी प्रमोद कुमार तिवारी की अगुवाई में पहुंची टीम को देखकर अवैध खनन कर्ता तो खिसक लिए, मगर मौके से एक पोकलेन समेत दर्जनों वाहनों को सीज कर कार्रवाई की थी।

इधर बीच क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन व परिवहन की सूचना पर नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष मिश्रा ने सोमवार की मध्य रात्रि के बाद बघाडू में छापा मारकर दो ट्रक व एक टीपर को दबोचा लिया। कागजों की जांच पड़ताल के बाद तीनों गाड़ियों में से किसी के पास बालू की परमिट एमएम 11 नही मिली।इसके अलावा सभी गाड़ियां ओवरलोड थी। इसके बाद दुद्धी से भी एक टीपर को पकड़ा, उसके पास भी परमिट नही मिली। सीओ ने सभी गाड़ियों को सीज कर दिया और अग्रिम कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचना दे दी गई।

ज्ञातव्य हो कि बालू की तस्करी के लिए बदनाम हो चुके इस क्षेत्र में स्थानीय रहवासियों के निजी उपयोग के लिए बालू मिलना मुश्किल होने लगा है।सरकार की लचीली व सुलभ पालिसी के अभाव में करोड़ो का राजस्व देने वाले इस क्षेत्र के लोगों को अपने ही घर मकान बनाने के लिए बालू के लाले पड़े होते हैं।

Related Articles

Back to top button