
दुद्धी, सोनभद्र– प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटौली में अधीक्षक के पद पर तैनात डॉक्टर शाह आलम अंसारी को चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के पद पर नई तैनाती मिली है। जबकि अबतक अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे डॉ मनोज कुमार एक्का को स्वास्थ्य कारणों से दुद्धी सीएचसी में ही चिकित्साधिकारी के पद पर भेज गया है। वे सीएचसी दुद्धी में बतौर चिकित्साधिकारी कार्यभार देखेंगे।
काबिल डॉक्टरों में शुमार रखने वाले डॉ आलम ने रूस से अपनी पढ़ाई पूरी करके अक्टूबर 2014 में दुद्धी सीएचसी में पहली ज्वाइनिंग की थी। इनकी ईमानदारी, लगन व मेहनत के मद्देनजर पूर्व में विभाग ने श्री अंसारी उप अधीक्षक (सेकेंड सिग्नेचरी) की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे रखी थी। डॉक्टर शाह आलम अंसारी का स्थानांतरण 17 मार्च 2020 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटौली कर दिया गया था।
उनके चिकित्सकीय पद्धति के क्षेत्रवासी कायल हैं। उनके प्रेस्क्रिप्शन पर क्षेत्र के सैकड़ों गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों का इलाज जारी है। आमजन में चिकित्सकीय पद्धति में डॉ आलम को डॉ यूपी पाण्डेय का उत्तराधिकारी माना जाता है। डॉ आलम को अधीक्षक बनाकर दुद्धी अस्पताल में तैनाती करने संबंधी मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश का एक ओर जहां बुद्धिजीवी वर्ग सराहना कर रहा है, वहीं मरीजों के अंदर अब सस्ता और अच्छा इलाज मिलने की आशा जागृत हो उठी है।
इस खुशखबरी के बीच लोगों में इस बात को लेकर संसय भी बना हुआ है कि कहीं विभागीय जिम्मेदारी में फंसकर डॉ आलम द्वारा ओपीडी के माध्यम से आम जनमानस को दिया जाने वाला स्वास्थ्य सेवा प्रभावित न हो। बहरहाल डॉ आलम को मेहनत व ईमानदारी की मिली इस इनाम के बाद उनकी जिम्मेदारी विभाग के साथ साथ आमजनों के लिए भी काफी बढ़ गयी है। बेहतर स्वास्थ्य सेवा से मिली पहचान को उन्हें बनाये रखने की लोगों में उम्मीद बंधी हुई है।



