
विधायक की वार्ता के बाद भी नहीं रुकी एलडीए की कार्यवाही
चोरी छुपे अवैध बिल्डिंगों को बनाने का खेल होगा बंद - उपाध्यक्ष
लखनऊ । लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के प्रवर्तन जोन पांच के विशेष कार्याधिकारी रामशंकर और उनकी टीम के सदस्यों ने भाजपा विधायक नीरज बोरा की पैरवी के बाद भी अपनी कार्यवाही नहीं रोकी।जानकीपुरम विस्तार के नहर रोड स्थित भाजपा नेता संदीप गुप्ता की एक बिल्डिंग में बनकर तैयार हुई। एलडीए ने बिल्डिंग की जांच वर्ष 2018 में करायी थी और तभी 06 जनवरी 2018 को धवस्तीकरण की नोटिस जारी कर दी थी। एलडीए के अवैध निर्माण कार्यो के विरुद्ध चल रहे अभियान में संदीप गुप्ता की बिल्डिंग को एक बार फिर नोटिस दी गयी और इसके बाद प्रवर्तन विभाग ने कार्यवाही के लिए मौका मुआयना किया।
बिल्डिंग का नक्शा पास नहीं होने के कारण एलडीए के विशेष कार्याधिकारी रामशंकर, सहायक अभियंता वीरेन्द्र मिश्रा, अवर अभियंता हरी गुप्ता, विनोद शंकर सिंह, राजीव श्रीवास्तव, चौकी एवं थाने की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंचें और बिल्डिंग पर धवस्तीकरण की कार्यवाही करायी। कार्यवाही शुरु हुई तो कुछ देर में भाजपा के विधायक एवं उनके समर्थक मौके पर आये और एलडीए की टीम से वार्ता की। विधायक नीरज बोरा ने दो टूक कहा कि वर्तमान व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जायेगी लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न भी नहीं होने दिया जायेगा।
एलडीए के मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष की तरफ से दिये गये निर्देश को बताया और उनसे सम्पर्क करने को कहा।विशेष कार्याधिकारी रामशंकर ने बताया कि 2018 की नोटिस पर एलडीए ने संज्ञान लेकर धवस्तीकरण की कार्यवाही के लिए सुबह 11 बजे बुलडोजर लगाया और शाम चार बजे तक कार्यवाही जारी रही। उक्त बिल्डिंग का नक्शा पास नहीं है और इसके लिए कार्यवाही की गयी है।(हि.स.)
चोरी छुपे अवैध बिल्डिंगों को बनाने का खेल होगा बंद – उपाध्यक्ष
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि लखनऊ में अवैध बिल्डिंगों में चोरी-छुपे निर्माण कार्य कराने का खेल अब नहीं चलेगा। नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत प्रवर्तन में तैनात सभी अवर अभियंताओं को दैनिक प्रवर्तन डायरी बनानी होगी। अभियंता नियमित रूप से दैनिक कार्यवाही की पूरी सूचना इस डायरी में अंकित करेंगे और डायरी की आकस्मिक चेकिंग की जाएगी।
उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि शहर में अनाधिकृत निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए गहनता से मॉनिटरिंग होगी। अवर अभियन्ता स्तर पर दैनिक प्रवर्तन कार्यवाही की सूचना प्राप्त किया जायेगा। इसके लिए प्रत्येक अवर अभियन्ता को रोजाना की अपनी कार्यवाही की सूचना दैनिक प्रवर्तन डायरी में प्रतिदिन अंकित करनी होगी। सहायक अभियन्ता एवं जोनल अधिकारी द्वारा हर दिन इस डायरी को अवलोकित किया जायेगा। जोनल अधिकारी द्वारा अपने जोन से सम्बन्धित सभी अवर अभियन्ताओं की सूचना को संकलित करते हुए एक्सल शीट पर समुचित रिर्पोट बनाकर सचिव एवं उपाध्यक्ष को भेजेंगे। उपाध्यक्ष ने बताया कि सचिव द्वारा पाक्षिक रूप से समस्त अवर अभियन्ताओं की दैनिक प्रवर्तन डायरी का अवलोकन किया जायेगा। इसके अतिरिक्त आकस्मिक रूप से किसी भी दिन अवर अभियन्ता की डायरी को वह स्वयं चेक करेंगे। इसमें शिथिलता पायी जाती है तो उसके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
– डायरी का यह होगा प्रारूप
अभियंताओं को सील किये गये अवैध निर्माणों का एरिया, निर्माण का प्रकार, सीलिंग से पूर्व की फोटो, सीलिंग के पश्चात् की फोटो की सूचना डायरी में देनी होगी। इसी तरह उन्हें ध्वस्त किये गये अवैध निर्माणों का ब्यौरा डायरी में उल्लेखित करना होगा। वहीं, लंबित सीलिंग, ध्वस्तीकरण आदेश के प्रकरणों का भी इसी तरह विवरण देना होगा।



