
तिलहन की खेती में लगी आग, लपटों में घिर कर बुजुर्ग किसान जिंदा जला
कानपुर । कानपुर आउटर थाना क्षेत्र नर्वल अंतर्गत खेत में कटाई के लिए खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई। इस बीच खेत में काम कर रहा एक किसान आग से घिर गया। आग की सूचना पर दमकल व पुलिस पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस बीच आग की लपटों की चपेट में आने से बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम नर्वल ने मृतक किसान सहित आग से नुकसान की जानकारी करते हुए सरकारी मद्द दिलाने की बात कही।
बता दें कि, नर्वल थाना क्षेत्र के ग्राम रामसलवा में खेतों में तिलहन की फसल खड़ी थी। खेतों के पास रखी ग्राम समाज की जमीन पर सुशील कुमार यादव पुत्र छोटे लाल की लाही रखी हुई थी। आज अचानक संदिग्ध हालात में लाही में आग गई। आग ने पलक झपकते ही खेतों में खड़ी फसल को चपेट में ले लिया। इस बीच खेत में काम कर रहे नर्वल निवासी 65 वर्षीय किसान श्रीकृष्ण यादव आग के बीच घिर गया। आग की सूचना दमकल व पुलिस को दी गई। आग की सूचना पर दमकल के पहुंचने से पूर्व लपटों में घिरा किसान जिंदा जल गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने पर मृतक किसान का शव पुलिस ने कब्जे में लिया। इस बीच घटना की सूचना पाकर नर्वल उपजिलाधिकारी अमित ओमर भी पहुंच गए और जांच पड़ताल की। उन्होंने मृतक किसान के दस्तावेज लेकर सरकारी मद्द के साथ आग से जली फसल नुकसान की जानकारी जुटाते हुए मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन किसानों को दिया। इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया।(हि.स.)



