
परफॉर्मेंस ग्रांट की डीएम ने कि समीक्षा बैठक
महराजगंज। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में परफॉर्मेंस ग्रांट की समीक्षा बैठक की गयी।बैठक में जिलाधिकारी ने परफॉर्मेंस ग्रांट योजना के अंतर्गत चयनित 14 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, सचिवों व तकनीकी सहायकों से बिंदुवार जानकारी ली। जिलाधिकारी ने परफॉर्मेंस ग्रांट योजना के संदर्भ में निर्देश देते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत अवशेष परियोजनाओं का डीपीआर एक हफ्ते के अंदर तैयार कर उनको स्वीकृत करायें। उन्होंने ने तकनीकी अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्यों को सत्यापित करने और सत्यापन के बाद ही आगे कार्य कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों द्वारा संबंधित गांवों का नियमित निरीक्षण न करने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया, ताकि कार्यों को नियमानुसार सुनिश्चित कराया जा सके। जिलाधिकारी ने टेंडर में विलंब पर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र टेंडर जारी करने और टेंडर खुलवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऑफलाइन टेंडर नियमानुसार हों और अधिक से अधिक प्रतियोगियों को टेंडर के लिए आमंत्रित किया जाए। उन्होंने टेंडर खुलने के तुरंत बाद से कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
ठेकेदारों द्वारा कार्यों को लेकर लापरवाही की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने ऐसे ठेकेदारों को नोटिस जारी कर, ब्लैकलिस्ट करने की कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि वर्क ऑर्डर में कार्यों में विलंब की दशा में दंडात्मक कटौती का प्रावधान शामिल किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। इसलिये योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अनुपस्थित तकनीकी अधिकारी/तकनीकी सहायकों के वेतन को जिलाधिकारी द्वारा अग्रिम आदेश तक बाधित करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, परियोजना निदेशक राजकरन पाल, डीसी मनरेगा अनिल चौधरी, डीपीआरओ के.बी. वर्मा समेत सभी नोडल अधिकारी, ग्राम सचिव, तकनीकी अधिकारी, ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।



