Breaking News

जागरूकता के लिए विश्व टीबी दिवस पर होंगे विविध आयोजन

टीबी रोगियों को गोद लिए जाने तथा उत्तम पोषण की होगी पहल

महराजगंज। विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी रोग के विषय में जागरूकता एवं प्रचार प्रसार के लिए 24 मार्च को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में टीबी रोगियों को गोद लिए जाने तथा उत्तम पोषण की पहल होगी। जिला क्षय रोग अधिकारी( डीटीओ) डाॅ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि भारत सरकार के आह्वान पर उत्तर प्रदेश का यह संकल्प है कि वर्ष 2025 तक प्रदेश को क्षय रोग मुक्त किया जाए। इसके लिए जरूरी है कि क्षय रोगियों को चिन्हित कर उनका समुचित इलाज की जाए।

उन्हें चिकित्सा की अवधि में उत्तम पोषण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वह पूर्ण रूप से उपचारित हो सकें। लोगों को समझाया जाए कि सही समय पर पहचान और संपूर्ण इलाज से टीबी ठीक हो जाता है। 24 मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में टीबी रोगियों को गोद लिया जाएगा।

जिले में 700 टीबी रोगी लिए जा चुके हैं गोद

डीटीओ ने बताया कि जिले में 960 टीबी रोगियों का इलाज चल रहा है, इनमें से 700 रोगियों को विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों द्वारा गोद लिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 70 बाल टीबी रोगियों में से 68 को जिला स्तरीय अधिकारियों ने गोद लिया है। वयस्क महिला 344 क्षय रोगियों को दो स्वयं सेवी संस्था तथा 130 लोगों ने गोद लिया है। वयस्क पुरुष 286 टीबी रोगियों को दो स्वयं सेवी संस्था तथा 79 लोगों ने गोद लिया है।

कार्यक्रम में प्रतिभाग के लिए बुलाए जाएंगे 25 क्षय रोगी

डीटीओ ने बताया कि 24 मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 25 क्षय रोगी तथा क्षय रोगियों को गोद लेने वाले 25 लोगों को बुलाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारियों द्वारा गोद लिए गए क्षय रोगियों के स्वास्थ्य संबंधी मानीटरिंग जैसे-वजन, पोषण, स्ट्रेंटिंग, नियमित उपचार और जांच, डीबीटी भुगतान आदि की कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button