Breaking News

‘द कश्मीर फाइल्स’ की कमाई विस्थापितों पर हो खर्च : अखिलेश यादव

आजमगढ़ । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई धांधली पर बहस न हो इसलिए फिल्म “द कश्मीर फाइल्स” लाई गई है। अखिलेश ने विधानसभा की कई सीटों का विवरण देते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई। आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र या करहल विधानसभा क्षेत्र छोड़ने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हुई है। सभी ने अलग-अलग राय दी है। इस संदर्भ में पार्टी हित में जो होगा, वही निर्णय लिया जाएगा।

अखिलेश ने पत्रकारों से कहा कि फिल्म “द कश्मीर फाइल्स” पर हो रही कमाई को कश्मीरी विस्थापितों पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए ऐसी कमेटी बननी चाहिए, जिसमें राजनीतिक दलों के नेता न हों। किसी कश्मीरी को इसकी बागडोर देनी चाहिए, जिससे वे लोग पुनः स्थापित हो सकें। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत भाजपा शासित कई राज्यों ने फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है।

विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ पहुंचे अखिलेश यादव सबसे पहले पूर्व मंत्री बलराम यादव के आवास पर पहुंचे। इसके बाद वे नगर के हर्रा की चुंगी मोहल्ले में स्थित सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव के आवास पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से लम्बी वार्ता के साथ एमएलसी चुनाव जीतने पर रणनीति बनाई। इस मौके पर सभी नवनिर्वाचित विधायक भी मौजूद रहे।

जाति के हिसाब से पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा अगर जाति के हिसाब से सूची जारी करे तो ‘सोशल इंजीनियरिंग’ और सपा जारी करे तो जातिवादी? उन्होंने कहा कि ईवीएम पर बहस इसलिए नहीं करना चाहिए, क्योंकि अब ये समय नहीं है, लेकिन जिस तरह से प्रशासन ने किया है, आप जगह-जगह पूछिए क्योंकि अगर हम कहेंगे तो लोग यही कहेंगे की सपा चुनाव हार गयी है इसलिए आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे स्थानों पर कांउंटिग रोक दी गयी, अखबारो में भी पढ़ने को मिला।

अखिलेश ने वाराणसी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो और आडियो रिकार्डिंग आई है, जिसे बहुत से लोगों ने सुना भी है कि उन्हें प्रमुख सचिव से कहना पड़ा तो कुछ परिणाम बदले। वे जैसा चाहते थे वैसा परिणाम आया। चुनाव कैसे जीता-हारा गया इसकी समीक्षा न हो, इसलिए द कश्मीर फाइल्स के पक्ष में उत्तर प्रदेश में माहौल बनाया गया।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button