बसपा एक मूवमेंट है और इसको आगे बढ़ाना है : मायावती
लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि बसपा एक मूवमेंट है और इसको आगे बढ़ाना है। मूवमेंट को बढ़ाते हुए फिर से सत्ता में आना है। बसपा की तरह खराब दिन भाजपा ने भी देखे हैं, जब कई वर्षों तक ये सत्ता में नहीं थी।
मायावती ने कहा कि पहले जातिवादी लोग बसपा के खिलाफ रहे हैं, अब तो मीडिया जातिवादी हो गयी हैं। इसमें भी सोशल मीडिया जातिवादी हो गयी है। इनके द्वारा झूठी खबरें फैलाईं गयी। उन्होंने कहा कि चुनाव में ये माहौल बनाने की कोशिश की गयी, टक्कर भाजपा और सपा की है। इसके कारण बड़ी संख्या में बसपा का वोट सपा की तरफ शिफ्ट हुआ।
उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम एक होकर बसपा के पक्ष में वोट करते तो पश्चिम बंगाल की तरह चौंकाने वाले परिणाम आ सकते थे। बसपा ने मुसलमानों को सबसे ज्यादा टिकट दिया लेकिन मुसलमानों ने समाजवादी पार्टी का रुख किया। मुस्लिमों ने सपा का साथ देना उनकी भूल है।(हि.स.)



