Breaking News

भगवामय हुआ गोरखपुर-बस्ती मंडल, भाजपा गठबंधन को ऐतिहासिक जीत

वर्ष 2022 में दोनों मंडलों की 41 सीटों में 34 पर लहराया केसरिया -वर्ष 2017 में 41 सीटों में से 37 पर जीती थी भाजपा

गोरखपुर । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इतिहास रच दिया है। भाजपा ने सत्ता में रहते हुए गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 सीटों में से 34 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस को फिर सिर्फ एक सीट मिली है। हालांकि वर्ष 2017 में इकलौती सीट जीतने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू खुद चुनाव हार गए हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में दोनों मंडलों में एक ही सीट से संतोष करने वाली सपा को इस बार 6 सीटें मिल रही हैं। वर्ष 2017 में बसपा को मिली अपनी एक जीत को इस बार बकरार नहीं रख पाई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधानसभा चुनाव में गोरखपुर-बस्ती मंडल में जबरदस्त सफलता हासिल की है। गोरखपुर जिले की सभी 09 सीटें भाजपा ने जीत ली है। वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा को गोरखपुर में कैम्पियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, चौरीचौरा, सहजनवां, बांसगांव और खजनी यानी कुल 08 सीटों पर जीत मिली थी। एक मात्र चिल्लूपार सीट पर भाजपा हार गई थी। यहां से बसपा के टिकट पर विनय शंकर तिवारी चुनाव जीते थे। हालांकि इस सीट पर विनय शंकर तिवारी इस बार फिर सपा के टिकट पर मैदान में थे लेकिन इस बार भाजपा के राजेश त्रिपाठी ने इन्हें हरा दिया है। कैम्पियरगंज से पूर्व मंत्री फतेहबहादुर, पिपराइच से महेंद्र पाल सिंह, गोरखपुर ग्रामीण से विपिन सिंह भाजपा के टिकट पर दोबारा जीत गए हैं। भाजपा ने चौरीचौरा, सहजनवां और खजनी में उम्मीदवार बदल दिया था। सहजनवां से प्रदीप शुक्ला, खजनी से श्रीराम चौहान और चौरीचौरा से सरवन निषाद विधायक बन गए हैं।

भाजपा और गठबंधन ने कुशीनगर जिले की सभी 07 सीटें जीत ली हैं। सपा के कद्दावर नेता स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हार गए हैं। लिहाजा देवरिया की सभी 07 सीटों पर भाजपा काबिज हो गई है। रुद्रपुर से कांग्रेस के अखिलेश सिंह भी चुनाव हार गए हैं। महराजगंज जिले की फरेंदा सीट कांग्रेस ने जीती है।

वर्ष 2017 के चुनाव के मुकाबले इस बार बस्ती मंडल में भाजपा को थोड़ा झटका लगा है। बस्ती जिले की सभी 05 सीटें वर्ष 2017 में भाजपा ने जीती थी। इस बार उसे 02 सीटें ही मिली हैं। सपा ने जिले की 03 सीटें जीत ली हैं। सिद्धार्थनगर की 05 सीटें भी भाजपा की थीं जिनमें से 02 सीट इस चुनाव में सपा ने छीन ली है। इसी तरह संतकबीरनगर जिले की 03 सीटें वर्ष 2017 में भाजपा के पक्ष में गई थीं। इस बार भाजपा से पाला बदले विधायक जय चौबे खलीलाबाद से सपा प्रत्याशी हैं और उन्होंने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है। अन्य दोनों सीटों पर भाजपा ने फिर कब्जा जमा लिया है। गोरखपुर-बस्ती मंडल में वर्ष 2017 के चुनाव की तुलना में इस बार भले ही 03 सीटें कम मिली हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने इस बार इतिहास बनाया है। आजादी के बाद से यह पहली बार हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार में रही हो और दोबारा चुनाव में उसे दोनों मंडलों में इतनी सीटें मिली हों।(हि.स.)

वर्ष 2022 का परिणाम

– गोरखपुर : 09 सीट

भाजपा : 09

– महराजगंज : 05

भाजपा : 04

कांग्रेस : 01

– देवरिया : 07

भाजपा : 07

– कुशीनगर : 07

भाजपा : 07

– बस्ती : 05 (हालांकि खलीलाबाद में गणना चल रही है, परिणाम बदल भी सकता है।)

भाजपा : 02

सपा : 03

– सिद्धार्थनगर : 05

भाजपा : 03

सपा : 02

– संतकबीरनगर : 03

भाजपा : 02

सपा : 01

वर्ष 2017 का परिणाम

-गोरखपुर : 09

भाजपा : 08

बसपा : 01

– महराजगंज : 05

भाजपा : 04

निर्दल : 01

– देवरिया : 07

भाजपा : 06

सपा : 01

– कुशीनगर : 07

भाजपा : 06

कांग्रेस : 01

– बस्ती : 05

भाजपा : 05

– सिद्धार्थनगर : 05

भाजपा : 05

– संतकबीर नगर : 03

भाजपा : 03

Related Articles

Back to top button