
भाजपा की जीत के जश्न में डूबे भाजपाई, निकाला जुलूस
कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर निकाला जुलूस
दुद्धी, सोनभद्र– जनपद की चारो विधानसभा सीट राबर्ट्सगंज, घोरावल, ओबरा समेत दुद्धी में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत पर पूरे जिले के भाजपाइयों में उत्सव सा माहौल रहा। दुद्धी में बुलडोजर बाबा की जय के उदघोष के साथ दुद्धी विधानसभा चुनाव में पहली बार भाजपा को मिली जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। जीत का जश्न कुछ खास अंदाज में मना रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर सवार होकर जुलूस निकाला।

बुलडोजर बाबा की जयकारी के साथ निकली जुलूस में शामिल कार्यकर्ता अबीर गुलाल उड़ाते हुए,झूमते नाचते पूरे क्षेत्र में भ्रमण किये। उत्तर प्रदेश में भाजपा को मिली भारी बहुमत को लेकर नगर के अलग-अलग जगह पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं नगर के माँ काली मंदिर, अमवार मार्ग, म्योरपुर मार्ग, तहसील मोड़, डिग्री कालेज मार्ग, स्टेशन रोड, रामनगर सहित अलग अलग जगहों पर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भाजपा की जीत का जश्न मनाया।



