
बलिया : विवाद में अधेड़ की चली गई जान
बलिया । फेफना थाना क्षेत्र के मटिहीं गांव में रविवार को बेर तोड़ने को लेकर शुरू हुए विवाद ने बड़ा रूप अख्तियार कर लिया। मामले में इतना तूल पकड़ा कि इसमें एक अधेड़ की हत्या भी कर दी गयी। घटना से आक्रोश बढ़ा तो आधा दर्जन थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। एएसपी और सीओ ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
बताया जा रहा है कि फेफना थाना क्षेत्र के मटिही गांव में कुछ बच्चे बेर तोड़ रहे थे। जिस दौरान एक ढेला लोचन राजभर को लग गया। इसको लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। फेफना एसएचओ सुनील तिवारी ने इस सम्बंध में बताया कि आरोप है कि इस बीच गला दबाने से लोचन राजभर पुत्र दरबारी राजभर की मौत हो गयी। इसके बाद गांव में तनाव फैल गया। बवाल के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। गांव में तनावपूर्ण शांति है। पुलिस की भी भारी तैनाती है। सूचना पर एसएसपी विजय त्रिपाठी और सीओ सदर जगवीर सिंह चौहान भी पहुंचे थे।(हि.स.)



