Breaking News

दुद्धी विधानसभा: भाजपा व सपा को बसपा दे रही कड़ी टक्कर

त्रिकोणीय मुकाबले में लड़ाई हुई दिलचस्प

देवेश मोहन

दुद्धी, सोनभद्र – सातवें और अंतिम चरण में सूबे की अंतिम विधानसभा क्षेत्र दुद्धी 403 में प्रचार के आखिरी दिन भाजपा व बसपा के स्टार प्रचारकों ने जनसभा में जान फूंककर लड़ाई को त्रिकोणीय व दिलचस्प बना दिया है। 7 मार्च को होने वाली मतदान व 10 मार्च को आने वाली अप्रत्याशित परिणाम ने सभी प्रमुख दावेदारों की धड़कन बढ़ा दी है।

जिला मुख्यालय पर शीर्ष नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव की जनसभा के बाद शनिवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुद्धी में भाजपा प्रत्याशी रामदुलारे गोंड़ के समर्थन में चुनावी सभा कर,कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। वहीं दूसरी ओर सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता की रुझान भाजपा प्रत्याशी की ओर खींचकर लड़ाई दिलचस्प बना दी है। प्रचार प्रसार के अंतिम दिन दुद्धी में ही बसपा के शीर्ष नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने भी भारी भीड़ के बीच जनसभा में हुंकार भरकर, विरोधियों की नींद हराम कर लड़ाई को त्रिकोणीय बना दी। जिससे एक नम्बर के लिए लड़ रहे सपा प्रत्याशी विजय सिंह गोंड़ व भाजपा प्रत्याशी रामदुलार गोंड़ को बसपा प्रत्याशी व विधायक हरीराम चेरो कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

शनिवार को सपा प्रत्याशी विजय सिंह ने भी म्योरपुर में हजारों समर्थकों के बीच रोड शो कर विपक्षियों पर अपने ताकत का एहसास कराया। लगातार 27 वर्ष तक विभिन्न पार्टियों के बैनर तले दुद्धी विधानसभा पर राज करने वाले विजय सिंह गोंड़ को पहली बार 2017 के चुनाव में मोदी योगी लहर में हरीराम चेरो ने शिकस्त देकर उनके विजय अभियान पर रोक लगा दी थी। इस बार खोई जमीन व जनाधार की वापसी के लिए विजय सिंह ने पूरी ताकत झोंक दी है। अब तक भाजपा,सपा व बसपा के बीच का मुकाबला धीरे धीरे जनमानस के रुझान में परिवर्तित होने लगा है। जिससे यह मुकाबला अब सीधे-सीधे भाजपा गठबंधन, सपा व बसपा प्रत्याशी के बीच बनकर रह गयी है।

दुद्धी की सरजमीं पर पहली बार आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 2017 के पूर्व की दुर्दशा के लिए सपा व बसपा को जिम्मेदार ठहराया।इसके साथ ही सरकार की उपलब्धियों और आगे की कल्याणकारी योजनाओं को बताते हुए, प्रदेश की अंतिम विधानसभा सीट के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी रामदुलार गोंड़ को जीताने की अपील की। वहीं बसपा के सतीश मिश्रा ने पिछले 10 वर्ष में प्रदेश को महंगाई, माफियाराज बनाने, दलित व ब्राम्हणों की उत्पीड़न व हत्या जैसे संगीन अपराधों के लिए सपा व भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए, बहन जी की सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय वाली सरकार बनाने के लिए विधायक हरीराम चेरो को भारी मत से जीताने की अपील की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की दुखती रग पर हाथ रखते हुए, सरकार बनते ही दुद्धी को जिला भी बनाने की बात कही। सपा प्रत्याशी के एजेंडे में भी दुद्धी को जिला बनाने का मुद्दा प्रमुख है।

इस बार किसी के लिए चुनावी मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा,समृद्ध अर्थव्यवस्था एवं विकास से जुड़ी है, तो किसी के लिए जातिगत समीकरण मायने रखते हैं। प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के सपोर्टर वोटरों ने भी एक दूसरे का नब्ज टटोलना शुरू कर दिया है।जिससे पता चल सके कि कौन किस ओर जा रहा है।आज का चालाक हर वोटर अपनी बात और अपनी राय छिपाकर, सामने वाले से उसकी राय और वोट जानना चाहता है। इस लड़ाई में हार व जीत चाहे जिसकी हो,मगर इतना तो तय है कि इस बार का मुकाबला कांटे का ही होगा। अब कयास लगाने का समय भी धीरे धीरे समाप्ति की ओर है। मतदान व परिणाम को लेकर भाजपा, सपा व बसपा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। किसके सिर सजेगी ताज और किसे मिलेगी मात !

Related Articles

Back to top button