
अबकी बार बुलडोजर के नीचे भाजपा सरकार- सतीश मिश्रा
बसपा प्रत्याशी के समर्थन में दुद्धी व ओबरा में की जनसभा
दुद्धी/ओबरा – ओबरा और दुद्धी में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए बसपा के शीर्ष नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि 10 मार्च को मतगणना के बाद प्रचंड बहुमत से बहन जी की सरकार बनने जा रही, जिसमें वे पांचवी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। पहले चरण से शुरू हुई हाथी की रफ्तार सातवें चरण में चरम पर पहुंच चुकी है। सभास्थल पर जुटी भीड़ से गदगद श्री मिश्रा ने कहा कि यह दुद्धी विधानसभा 403 प्रदेश का अंतिम विधानसभा है।लेकिन हरीराम की बड़ी जीत के फासले से प्रदेश में यह पहली विधानसभा बन जाएगी।

उन्होंने दुद्धी व ओबरा की जनसभा में सपा व भाजपा को चौतरफा घेरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडों की पार्टी है, तो भाजपा दलितों व ब्राह्मणों की हत्यारी पार्टी बनकर उभरी है। योगी जी ने दलितों और ब्राम्हणों को मिटा देने का ठाना है।जो उनके वश में नही। इस सरकार में पांच सौ हत्याएं हुई,सौ ब्राम्हणों का इनकाउंटर हुआ, दलित बच्चियों की आबरू लूट हत्यायें की गईं। उनके शव परिजनों को सौंपे नही गये, लेकिन योगी की सरकार अपनो को बचाने में जुटी रही। उन्होंने कहा कि बुलडोजर चलाने वाली योगी सरकार इस बार खुद बुलडोजर के नीचे होगी। जुल्मों की हद समाप्त हो चुकी है, अब बहन जी की सरकार आएगी तब एक एक का हिसाब होगा।
उन्होंने बहन जी की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि बहन जी की सरकार के बाद एक भी विकास नही हुए। दस वर्ष की अवधि में सभी ने लूटने का काम किया। बसपा की सरकार में क्षेत्र को विजली,भूमिहीनों को 3-3 बीघा पट्टा, आवास समेत अनगिनत कार्य किये गये।बहन जी ने कानून द्वारा कानून का राज चलाने के लिए सबकी जिम्मेदारी तय की थी।लेकिन सपा भाजपा ने पुलिस से लेकर अन्य विभागों का दुरुपयोग अपने स्वार्थ में गैरकानूनी कार्य कराने की परम्परा शुरू कर दी है।
इस चुनाव का परिणाम जानते हुए मुख्यमंत्री योगी जी ने अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया है। सिर्फ 5 दिन और रह गये हैं, इसके बाद बहन जी की सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की सरकार बनेगी। एक कमीशन बनाकर सभी समस्याएं सुलझाई जाएंगी। नौजवानों को रोजगार देंगे एयर पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू की जाएगी।उन्होंने दुद्धी को जिला बनवाने का आश्वासन देते हुए हरीराम को भारी मतों से जितने की अपील की। जनसभा को उनके युवा पुत्र कपिल मिश्रा व धर्मपत्नी कल्पना मिश्रा ने भी सम्बोधित किया और सपा व भाजपा को आड़े हाथों लिया।
विधायक व बसपा प्रत्याशी हरीराम चेरो ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाओ प्रमुख मुद्दा रहा, लेकिन भाजपा गठबंधन के बड़े नेता चुनाव में किये वादे को भूल गये। भाजपा गठबंधन द्वारा जिला मुद्दा पर जनता से छल करने के कारण मैंने पार्टी को छोड़कर बहन जी का दामन थामा है। जिनका चुनाव निशान हाथी नही गणेश है, ब्रम्हा विष्णु महेश है। बहन जी ने आशीर्वाद दिया है कि सरकार बनते ही दुद्धी की सारी समस्याओं का निदान होगा और शीघ्र ही जिला बनेगा।श्री चेरो ने भारी मत से जीताकर पुनः सेवा का अवसर देने की अपील की।



