
गोरखपुर -शहर विधानसभा क्षेत्र में बन सकता है मार्जिन का नया रिकॉर्ड
सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रत्याशी होने से प्रदेश की सबसे से हॉट विधानसभा सीट है गोरखपुर शहर.इस चुनाव में शहर क्षेत्र के माथे से मिटा सुस्ती का दाग, अब तक का रिकॉर्ड 55.12 प्रतिशत मतदान.मुख्यमंत्री योगी ने सभी मतदाताओं और मतदान कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जिस सीट पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं, वहां गत चुनावों की तुलना में हुए अधिक मतदान से नया संदेश आता महसूस हो रहा है। आंकड़े बताते हैं कि शहर सीट पर मतदान प्रतिशत बढ़ने के साथ ही भाजपा की जीत का मार्जिन भी बढ़ता गया है। इस सीट के लिए इस बार अब तक का सर्वाधिक मतदान हुआ है। लिहाजा नतीजे की चर्चा से अलग संभावित मार्जिन पर अनुमान लगाए जाने लगे हैं। यह माना जा रहा है कि शहर सीट के लिए जीत-हार का अब तक का सबसे बड़ा अंतर सामने आएगा। उत्साही भाजपाइयों में चर्चा तो प्रदेश की सबसे अधिक मार्जिन वाली जीत में से एक होने की भी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चुनाव मैदान में होने से गोरखपुर शहर सीट का वीवीआइपी होना स्वाभाविक है। इस विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को कुल मतदाताओं में से 55.12 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह पिछले चार चुनावों में रिकार्ड मतदान भी है। माना जा रहा है कि विधायक नहीं, मुख्यमंत्री चुनने के विकल्प को देखते हुए गत चुनावों की तुलना में अधिक मतदाता इस बार घरों से निकले। 2022 के पहले तीन विधानसभा चुनावों में मतदान और जीत के अंतर को देखें तो सबसे कम 28.62 प्रतिशत वोट 2007 के चुनाव में पड़े थे। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल ने 23392 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
2012 में मतदान प्रतिशत इसके पूर्व की तुलना में बढ़कर 46.19 प्रतिशत हुआ तो भाजपा प्रत्याशी डॉ अग्रवाल की जीत का मार्जिन बढ़कर 47454मतों का हो गया। जबकि 2017 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं का उत्साह अपेक्षाकृत बढ़ा। तब शहर क्षेत्र में 50.98 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत बढ़ने के साथ भाजपा की जीत की मार्जिन की बढ़त का क्रम भी बरकरार रहा। तब जीत का अंतर 60730 वोटों का रहा।
2022 के विधानसभा चुनाव में मतदान के आंकड़े बताते हैं कि इस बार इस क्षेत्र में अबतक का रिकार्ड बना है। शाम पांच बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में 51.98 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पूर्व के चुनावों के मतदान प्रतिशत को पीछे छोड़ चुके थे। 6 बजे के तक यह बढ़कर 55.12 प्रतिशत हो गया। मतदान का यह बढ़ा प्रतिशत पूर्व के चुनावों की प्रवृति पर कायम रहा तो भाजपा प्रत्याशी के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विनिंग मार्जिन भी नए रिकार्ड के रूप में सामने आ सकती है।
मुख्यमंत्री योगी ने सभी मतदाताओं और मतदान कर्मियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति जागरूकता लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है।



