International

यूक्रेन को अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, एस्तोनिया, स्वीडन और फिनलैंड देगा घातक हथियार

रूस यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए वार्ता ही एकमात्र विकल्प : दलाईलामा

कीव । रूस का आक्रमण झेल रहे यूक्रेन को अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, एस्तोनिया, स्वीडन और फिनलैंड से घातक हथियार मिलेंगे। इनमें यूक्रेन को अमेरिका और जर्मनी हेलीकॉप्टर और मार गिराने वाले स्टिंगर मिसाइल की आपूर्ति करेंगे। अमेरिका ने यूक्रेन को स्टिंगर मिसाइल की सीधी आपूर्ति करने को मंजूरी दे दी है। व्हाइट हाउस से यह मंजूरी स्वीकृत पैकेज के हिस्से में पहली बार दी गयी है। अब यूक्रेन तक यह अमेरिकी हथियार पहुंचाने की व्यवस्था पर काम हो रहा है। जर्मनी पहले ही यूक्रेन को 500 स्टिंगर मिसाइलों रहित अन्य अत्याधुनिक हथियारों की आपूर्ति की घोषणा कर चुका है। उच्च गति वाले ये स्टिंगर बहुत सटीक होते हैं और हेलीकॉप्टर को गिराने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता है। यूक्रेनी अधिकारी इन शक्तिशाली हथियारों को मुहैया कराने का अनुरोध कर रहे थे। एस्तोनिया भी यूक्रेन को स्टिंगर मुहैया करा रहा है।

इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया सरकार ने भी सोमवार को घोषणा की कि वह रूसी हमले के खिलाफ यूक्रेन की मदद करने के लिए घातक सैन्य हथियार मुहैया कराएगा। ऑस्ट्रेलिया पहले भी उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की निधि में तीस लाख डॉलर का योगदान करने, सैन्य व चिकित्सकीय उपकरणों की आपूर्ति की घोषणा कर चुका है। स्वीडन की प्रधानमंत्री मैग्डालेना एंडरसन और रक्षा मंत्री पीटर हल्टक्विस्ट ने बताया कि यूक्रेन की सेना की मदद के लिए 5,000 टैंक रोधी हथियार, 5,000 हेलमेट और 5,000 रक्षा कवच भेजे जाएंगे। फिनलैंड ने भी दो आपातकालीन चिकित्सा देखभाल केंद्रों के लिए उपकरण, 2,000 हेलमेट, 2,000 बुलेटप्रूफ जैकेट और 100 स्ट्रेचर भेजने का एलान किया है।

अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-35 विमानों की अग्रिम टुकड़ी रोमानिया पहुंची

वाशिंगटन । अमेरिका ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की ओर से यूक्रेन-रूस युद्ध विवाद में आणविक हथियारों से सचेत रहने की तैयारी सम्बन्धी कथन की तीखी निंदा की है। उधर, अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-35 विमानों की एक अग्रिम टुकड़ी रोमानिया पहुंच गई है। दरअसल, यूक्रेन और रूस के बीच पिछले चार दिनों से जारी युद्ध के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन रविवार को सरकारी टेलिविजन पर रक्षा मंत्री और शीर्ष सेनाधिकारियों को आणविक हथियारों सभी बंदोबस्त मुकम्मल किए जाने के निर्देश दे रहे थे। इस धमकी से क्षुब्ध अमेरिका ने रूस को सचेत किया है।

यूक्रेन के गृह मंत्रालय के हवाले से बताया गया है कि पिछले चार दिन में 352 नागरिक मारे जा चुके हैं, जिनमें चौदह बच्चे भी हैं। इस बीच अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-35 विमानों की एक अग्रिम टुकड़ी रोमानिया पहुंच गई है। अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार यह टुकड़ी अमेरिकी लड़ाकू विमानों की 34 फ़ाइटर स्क्वाड्रन का एक हिस्सा है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा में तैनात यूरोपीय समुदाय सहित अन्यान्य देशों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिल कर काम करेगी।

अमेरिकी जनता रूसी ब्रांडेड लीकर ‘वॉड्का’ से नाराज, लीकर स्टोर से हटाने के निर्देश

लॉस एंजेल्स । अमेरिका के करीब एक दर्जन राज्यों, खासतौर पर टेक्सास, ओहायो, न्यू हैंप्शायर, ऊटा और पेंसेलवेनिया ने लीकर विक्रेताओं को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने अपने स्टोर शेल्फ़ से रूसी लीकर ब्राण्ड ‘वॉड्का’ से तौबा कर लें। इसी तरह के आदेश कनाडा में भी जारी किए जा रहे हैं। कनाडा के ओंटेरियो में लीकर के 679 स्टोर हैं, जहां से रूसी लीकर को हटाए जाने के निर्देश जारी हुए हैं। इनका कहना है कि वे संकट की इस घड़ी में यूक्रेन के साथ हैं। वे यूक्रेन के उत्पादों को प्रोत्साहन देना चाहते हैं।

इन राज्यों के गवर्नर ने कार्यकारी आदेश जारी कर कहा है कि रूस ने जिस तरह मानवाधिकारों का उल्लंघन कर यूक्रेन पर हमला किया है, वह असहनीय है। ओहायो के गवर्नर ने एक क़दम आगे बढ़ कर लीकर स्टोर से वॉड्का की बोतलों को ज़ब्त करने के आदेश दिए हैं। यूक्रेन और रूस के बीच पिछले चार दिन से चले आ रहे युद्ध से ख़फ़ा इन राज्यों ने यह देखे बिना निर्देश जारी कर दिए हैं कि रूसी लीकर ‘वॉड्का’ का अमेरिका में बहुत कम चलन है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सन 2013 में एंटी गे अधिनियम के विरोध में हालीवुड, कैलिफ़ोर्निया में वॉड्का की हज़ारों बोतलों को गटर में बहा दिया गया था।

कच्चे तेल की क़ीमतों में वृद्धि जारी

उधर, रूस और यूक्रेन के बीच मौजूदा तनाव के मद्देनज़र कच्चे तेल की क़ीमतें लगातार बढ़ रही हैं। यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमेडिएट कच्चे तेल की क़ीमतें 5.3 प्रतिशत बढ़ कर 96.63 डालर प्रति बैरल हो गई हैं जबकि ब्रेंट क्रूड ऑयल 105 डालर पर है। बीते शुक्रवार को इन दोनों तेल के इंटरनेशनल बेंच मार्क एक प्रतिशत कम थे।

पूरी रात यूक्रेन पर हुए मिसाइलों से हमले, कीव और खार्किव में धमाकों की दहशत

कीव। यूक्रेन पर रूस के हमला लगातार जारी है। रूसी सेना ने बीती पूरी रात यूक्रेन पर मिसाइलों से हमला किया। राजधानी कीव व प्रमुख शहर खार्किव में धमाकों की दहशत से यूक्रेनी नागरिक बंकरों में कैद होने को विवश हैं।यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरिस्टोविच ने बताया कि पूरी रात रूस की सेना ने यूक्रेन पर मिसाइलों से हमले किये हैं। उन्होंने बताया कि कीव, जाइटोमिर, जापोरिझिया और चेर्निहिव में हवाई हमलवे हुए। कई अन्य इलाकों से भी हवाई हमलों के सायरन बजने की सूचनाएं आ रही हैं। यूक्रेन की स्टेट सर्विस ऑफ स्पेशल कम्युनिकेशंस एंड इंफॉर्मेशन प्रोटेक्शन ने बताया कि सोमवार सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव और प्रमुख शहर खार्किव में धमाकों की आवाज सुनी गई।

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अगले 24 घंटे देश के लिए बेहद गंभीर हैं। उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के साथ बातचीत में यह चिंता जाहिर की है। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के पहले चार दिनों में यूक्रेन के 352 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। इस लड़ाई में 14 बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार रात 11 बजे तक 1,684 लोग इस लड़ाई के दौरान जख्मी हो चुके थे। जख्मी होने वालों में बच्चों की संख्या 116 है।

यूक्रेन का दावा, रूस के 5300 सैनिक मारे

कीव । यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के पांच दिन बाद दोनों देश वार्ता की मेज पर आए हैं किन्तु तल्खी कम होने का नाम नहीं ले रही है। यूक्रेन का दावा है कि उसकी सेना ने रूस के 5300 सैनिक मार डाले हैं। वार्ता से ठीक पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वेलोदिमिर जेलेंस्की ने रूसी सैनिकों को जान बचाने की चेतावनी देते हुए देश छोड़कर जाने को कहा है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि रूस तुरंत संघर्ष विराम की घोषणा करे और यूक्रेन से अपने सैनिकों को वापस बुला ले। उन्होंने रूसी सैनिकों से कहा, पहले ही साढ़े चार हजार से अधिक रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं, अब आप लोग यहां क्यों आए हो। हथियार डाल दो और अपने कमांडरों और अफवाह फैलाने वालों पर विश्वास मत करो, बस अपनी जान बचाओ और देश छोड़कर चले जाओ। उन्होंने यूक्रेन की जेलों में बंद उन कैदियों को रिहा करने की घोषणा की है, जिनके पास सैन्य अनुभव है। वे लोग यदि रूस के खिलाफ जंग लड़ना चाहते हैं, तो उन्हें इसका मौका दिया जाएगा।

इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने 28 फरवरी तक के आंकड़े जारी कर पांच दिनों में रूस के 5300 सैनिकों के मारे जाने की बात कही है। दावा किया गया है कि यूक्रेन की सेना ने रूस के 29 युद्धक विमान और 29 हेलीकॉप्टर भी मार गिराए हैं। 5 एंटी एयरक्राफ्ट वाहन और 191 टैंक तबाह करने का दावा भी किया गया है। रूसी सेना की 291 कारें, ईंधन के 60 टैंकर, तीन ड्रोन और 816 व्यक्तिगत सैन्य वाहन उड़ाने का दावा भी यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने किया है।

रूस यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए वार्ता ही एकमात्र विकल्प : दलाईलामा

धर्मशाला। तिब्बती धर्मगुरु और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने यूक्रेन में शांति बहाल करने के लिए वार्ता की उम्मीद की है। दलाई लामा ने धर्मशाला में अपने आवास से सोमवार सुबह जारी अपने बयान में कहा कि “मुझे यूक्रेन में चल रहे संघर्ष से गहरा दुख हुआ है। हमारी दुनिया इतनी अन्योन्याश्रित हो गई है कि दो देशों के बीच हिंसक संघर्ष अनिवार्य रूप से बाकी शब्दों को प्रभावित करता है। युद्ध पुराना हो चुका है। अहिंसा ही एकमात्र रास्ता है। हमें अन्य मनुष्यों को भाई-बहन मानकर मानवता की एकता की भावना विकसित करने की आवश्यकता है। इस तरह हम एक अधिक शांतिपूर्ण विश्व का निर्माण करेंगे।”

उन्होंने कहा कि “समस्याओं और असहमति को बातचीत के माध्यम से सबसे अच्छा हल किया जाता है। सच्ची शांति आपसी समझ और एक-दूसरे की भलाई के लिए सम्मान से आती है।” “हमें उम्मीद नहीं खोनी चाहिए। 20वीं सदी युद्ध और रक्तपात की सदी थी। 21वीं सदी संवाद की सदी होनी चाहिए।” “मैं प्रार्थना करता हूं कि यूक्रेन में शांति तेजी से बहाल हो।”(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button