
देवरिया :सदर रेलवे स्टेशन पर बेटिकट पकड़े गए 395 यात्री
देवरिया । सदर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को किलाबंदी चेकिंग अभियान चलाया गया। टीटी और आरपीएफ ने स्टेशन पर 395 लोगों को बेटिकट यात्रा करते हुए पकड़ा। स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट ने कोर्ट लगाकर 2.28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। किलाबंदी चेकिंग के चलते स्टेशन पर टिकटों की बिक्री बढ़ गई।
सदर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को गोरखपुर के चीफ टीटीआई के नेतृत्व में किलाबंदी चेकिंग अभियान चलाया गया। सदर रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाली ट्रेनों की चेकिंग शुरु हो गई। प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों से टिकट चेक किया गया। ट्रेनों से आने वाले लोगों की भी जांच किया गया। ट्रेनों के स्टेशन पर रुकते ही टीटी प्लेटफार्म के चारों तरफ यात्रियों के निकलने वाले रास्ते पर खड़े होकर टिकट जांच कर रहे थे। टीटी ने 395 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा। मजिस्ट्रेट रेलवे दंडाधिकारी वाराणसी ने सदर रेलवे स्टेशन पर कैंप कोर्ट लगाया। जहां सभी बेटिकट यात्रियों को पेश किया गया। जिनसे 2.28 लाख रुपया जुर्माना वसूला गया। इस दौरान आरपीएफ के इंस्पेक्टर मनभरन, दरोगा प्रेम सागर, एएसआई राजेन्द्र सिंह, महेन्द्र लाल श्रीवास्तव सहित कांस्टेबल मौजूद रहे।(हि.स.)



