
शास्त्री पुल के नीचे गंगा में उतराया मिला आरपीएफ जवान का शव
मिर्जापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री पुल के नीचे चील्ह घाट के पास गंगा में उतराया आरपीएफ जवान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक वर्दी पहने हुए था। नेम प्लेट के अनुसार उसका नाम वंश नारायण सिंह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। चील्ह थाना क्षेत्र के चील्ह घाट पर शुक्रवार की सुबह गंगा में 35 वर्षीय आरपीएफ जवान का शव उतराया मिला।
आसपास के लोगों ने गंगा में शव उतराया देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय मल्लाहों की मदद से शव को गंगा से बाहर निकाला। मृतक वर्दी पहने हुए था। नेम प्लेट पर वंश नारायण लिखा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरपीएफ के जवान की तैनाती के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। इस संदर्भ में चील्ह थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा में एक आरपीएफ जवान का शव उतराया मिला है। नेम प्लेट के अनुसार उसका नाम वंश नारायण है। मृतक जवान कहां का रहने वाला है। इसका पता लगाया जा रहा है।



