Breaking News

21 से 24 फरवरी के मध्य पोस्टल बैलेट से करेंगे मतदान ,दिव्यांग तथा 80+ आयु के मतदाता

सात विधानसभा सीटों के लिए 38 पोलिंग पार्टी का गठन.पोलिंग पार्टी घर जाकर कराएगी मतदान.राजनीतिक दलों/प्रत्याशियों को सौंपी गई पोस्टल बैलेट की मतदाता सूची.विकास भवन के गांधी सभागार में पोस्टल बैलेट के लिए पीठासीन अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर का हुआ प्रशिक्षण

देवरिया । जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि 21 से 24 फरवरी के मध्य दिव्यांग तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का पोस्टल बैलेट से मतदान कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 7 विधानसभा सीटों के लिए 38 पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है। जिन दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के विकल्प को चुना है उनकी सूची विधानसभावार सभी प्रत्याशियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। पोस्टल बैलेट के दौरान प्रत्याशी अपने पोलिंग एजेंट की नियुक्ति कर सकेंगे। पोलिंग एजेंट डबल डोज से वैक्सीनेटेड होना चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टी शेड्यूल के अनुसार मतदाताओं के घर पहुंचेगी और चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार मतदान की गोपनीयता को बरकरार रखते हुए वोट डलवाएगी। मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। बीएलओ मतदाता की पहचान करेगा और पोलिंग एजेंट भी मौके पर मौजूद रहेगा। इसके पश्चात पीठासीन अधिकारी की अनुमति से निर्धारित प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के पश्चात मतदाता के घर में बने विशेष कंपार्टमेंट में पोस्टल बैलट से मतदान कराया जाएगा। मतदान के दौरान घर का कोई भी सदस्य मतदाता के साथ मौजूद नहीं रहेगा। वोट की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस इत्यादि वोटिंग कंपार्टमेंट में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

पोस्टल बैलेट से मतदान सुबह 9:00 बजे से शाम के 5:00 बजे तक होगा और प्रतिदिन आखिरी मतदाता के मतदान के पश्चात बैलेट बॉक्स को सील करके कलेक्ट्रेट के ट्रेजरी में जमा कराना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोस्टल बैलेट से शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रूट चार्ट और कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में सातों विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी पीठासीन अधिकारी और माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण कार्य संपन्न हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन सभी कार्मिकों को उनके उत्तरदायित्व से अवगत कराया। साथ ही मास्टर ट्रेनर ने पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया एवं नियमों के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार, पोस्टल बैलट के नोडल अधिकारी एवं सीआरओ अमृत लाल बिंद, डीपीओ केके राय, तहसीलदार रुद्रपुर अभयराज सहित विभिन्न अधिकारी व कार्मिक मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button