
देवरिया: खेल के दौरान हुए विवाद में छात्र की चाकू से गोदकर हत्या
देवरिया । मामा के साथ किराए के मकान में रहकर बीए की पढ़ाई कर रहे छात्र को मनबढ़ोंं ने सोमवार देर शाम को चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सूचना पर सीओ सदर और अपर पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के पिपराझाम गांव के रहने वाले पीयूष तिवारी (18) पुत्र स्व.निलेष तिवारी की परिवारिक स्थिति ठीक नहीं थी जिसके चलते उसके मामा नितेश तिवारी सदर कोतवाली क्षेत्र के भीखमपुर रोड पर संदीप यादव के मकान में किराए पर रहते हैं। उन्ही के साथ रहकर पीयूष तिवारी बीए कर रहा था।
वह सोमवार को दोस्तों के साथ शहर के रामगुलाम टोला पूर्वी मोहल्ला की तरफ गया था। जहां खेलने के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें कुछ लोगों ने पीयूष के पर चाकू से प्रहार कर दिया। चाकू पीयूष के गले में लगा और फंस गया। पीयूष के दोस्त उसे लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने युवक की मौत की सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर सीओ सदर श्री यश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सोनकर मौके पर पहुंचे और घटना केे बारे में जानकारी ली। घटना की सूचना घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने हिरासत में लिए एक अभियुक्त से घटना केे बारे में पूछताछ कर रही है। परिजनों ने देर रात को घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। राजेश सोनकर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवक की चाकू से मारकर हत्या की गई है। युवक अपने मामा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। हत्याकांड में शामिल एक किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।(हि.स.)



