
बारातियों से भरी स्कार्पियो बस से टकराई, दूल्हे के पिता समेत तीन की मौत
गोरखपुर : गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर गगहा थाना क्षेत्र स्थित हाटा बाजार ग्रामीण बैंक के सामने बारातियों से भरी स्कार्पियो और जनरथ बस में सोमवार सुबह टक्कर हो गई। घने कोहरे की वजह से हुए हादसे में स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में दूल्हे के पिता सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों का शहर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौत की खबर के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के पोहिला गांव निवासी रामनारायन साहनी के पुत्र दीपक साहनी की बारात रविवार को गोरखपुर झरना टोला गई थी। सोमवार की सुबह दुल्हन की विदाई कराकर लोग घर लौट रहे थे। बारातियों की एक गाड़ी गगहा थाना क्षेत्र के हाटा बाजार ही पहुंची थी कि प्रयागराज माघ मेले से लौट रही जनरथ बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई। स्कार्पियो में सवार दूल्हे के पिता रामनारायन साहनी (50), गांव के विष्णु शर्मा पुत्र नंदू शर्मा (45) तथा पुष्कर गांव के निवासी 17 वर्षीय किशोर विशाल मौर्य पुत्र वीरेंद्र मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई।
बृजेश उर्फ भोला साहनी पुत्र डोमन साहनी, अक्षैवर मौर्य पुत्र राजाराम मौर्य निवासी कोड़ारी और सर्वेश गुप्ता पुत्र दिलीप गुप्ता निवासी कोड़ारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक गाड़ी अक्षैवर चला रहे थे। आगे रामनरायन व बीच में बृजेश साहनी, विशाल मौर्य व सर्वेश गुप्ता और विष्णु शर्मा पीछे बैठे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



