
पुलिस ने जंगलों में की कॉम्बिंग, ग्रामीणों से अराजक तत्वों की ली टोह
दुद्धी, सोनभद्र- प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी बल द्वारा मनबसा व झारोकला के जंगलों में सघन काम्बिंग की गई। आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को शांन्तिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराये जाने व जनपद में नक्सली संचरण पर प्रभावी रोकथाम रखने, दूरस्थ व पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों से समन्वय स्थापित रखने, जनता में सुरक्षा की भावना बनाये रखने एवं अभिसूचना संकलन के उद्देश्य से रविवार को दुद्धी प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस व पीएसी बल द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम मनबसा व झारोकला के जगंलों में सघन काम्बिंग की गयी। काम्बिंग के दौरान स्थानीय लोगों से वार्ता कर उन्हे आगामी चुनाव में भयमुक्त होकर मतदान करने व मुख्य धारा में रहकर पुलिस का सहयोग करने व किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने या नक्सली संचरण के विषय मे जानकारी होने पर तत्काल पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने की अपील की।




