
अधिवक्ताओं ने दुद्धी को जिला बनाने को लेकर भरी हुंकार
एक लंबे समय से शनिवार को चल रहा मोर्चा व वकीलों का प्रदर्शन अनवरत जारी
दुद्धी, सोनभद्र– एक लंबे समय से दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर प्रत्येक शनिवार को चल रहा संघर्ष मोर्चा व अधिवक्ताओं का संयुक्त प्रदर्शन इस बार भी अनवरत रूप से जारी रहा। तहसील मुख्यालय पर दुद्धी को जिला बनाओ को लेकर कचहरी मेन गेट पर मोर्चा व अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति, सिविल बार संघ और दुद्धी बार संघ के अधिवक्ताओं ने जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी किया।
वक्ताओं ने कहा दुद्धी तहसील को अब तक जिला नहीं बनाया गया और न ही क्षेत्र का समुचित विकास कराया गया है। लोग आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे लेकिन क्षेत्र के लोगों का कोई सुनने वाला नहीं है। काफी लंबे समय से दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग किया जा रहा है। कोई भी सरकार है आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया और ना ही क्षेत्र का विकास कराया यहां सब राम भरोसे चल रहा है। इस अवसर पर प्रभु सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, सुरेंद्र अग्रहरि, कामेश्वर चौरसिया, आइज़ेड खान, पवन दुबे, नंदलाल एडवोकेट, कैलाश गुप्ता, रामपाल जौहरी, अरुणोदय जौहरी, कृष्ण देव, विष्णु कांत तिवारी, आशीष गुप्ता, संजय गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



