
बार एवं बेंच अपने दायरे में रहकर आमजन को दिलायें न्याय – जनपद न्यायाधीश
दुद्धी बार एसोसिएशन का शपथ ग्रहण सम्पन्न
दुद्धी, सोनभद्र– शनिवार को दुद्धी बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार यादव प्रथम,विशिष्ट अतिथि राजकुमार अग्रहरि, समारोह अध्यक्ष बार काउंसिल ऑफ यूपी के पूर्व चेयरमैन हरीशंकर सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव को मुख्य अतिथि जिला जज श्री यादव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जबकि सचिव उमेश चंद को बार काउंसिल ऑफ यूपी के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने शपथ दिलाई।

शेष सभी पदाधिकारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संतोष कुमार, उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर में अजय रतनेन्द्र जायसवाल व पवन कुमार दुबे, उपाध्यक्ष 2 वर्ष से ऊपर में प्रेमचंद गुप्ता व हरिओम, सहसचिव पुस्तकालय में अलोक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष में राकेश कुमार गुप्ता,सहसचिव प्रशासन में शशि कुमार, सहसचिव प्रकाशन में मानोज कुमार सिंह,गवर्निंग काउंसिल सदस्य15 वर्ष से ऊपर में कृष्णदेव, देवेश मोहन,सन्नो बानों, राजेश रंजन जौहरी, संतोष मिश्रा व शिवनाथ तथा सदस्य गवर्निंग काउंसिल2 वर्ष से ऊपर में ओमप्रकाश, दुबेश प्रकाश, विपिन बिहारी, दिनेश कुमार, बैजनाथ यादव व कृपाशंकर को एल्डर कमेटी के वरिष्ठ मेम्बर रामदुलारे गुप्ता ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला जज श्री यादव ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि संगठन के लिए यह गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि वादकारी हित में बार एवं बेंच के अपने अपने दायरे हैं, उसमें रहकर लोगों को न्याय दिलाने का काम करें। समारोह अध्यक्ष श्री सिंह ने अधिवक्ता हित में बार काउंसिल द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए, हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि अधिवक्ता ही उनका परिवार है और उसके हित के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।

एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी, मुंसिफ मजिस्ट्रेट रंजीत जायसवाल, चेयरमैन राजकुमार,सोनभद्र बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद चौबे,दुद्धी बार के पूर्व अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय आदि वक्ताओं ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए, वादकारी हित में समर्पित रहने की अपील की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव ने सबका आभार जताया और कहा कि बार एवं बेंच की गरिमा को बरकरार रखते हुए, अधिवक्ताओं के सम्मान के लिए समर्पित रहूंगा। इसके पूर्व मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह से सम्मान किया गया।
इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुधाकर मिश्र,पूर्व अध्यक्ष राजबहादुर सिंह,महामंत्री अतुल प्रताप, सोनभद्र बार के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय, सदस्य गीता, सिविल बार अध्यक्ष रामेश्वर तिवारी, दुद्धी बार के निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंद यादव, नंदलाल समेत सैकड़ो अधिवक्ता उपस्थित रहे।संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश अग्रहरि ने किया।समारोह में दर्जनों विशिष्ट जनों के अलावा सैकड़ो अधिवक्ता उपस्थित रहे।



