
दर्जनों सहयोगी पार्टियों ने साझा बैठक कर सपा को जिताने की भरी हुंकार
गोंडवाना भवन परिसर में सपा व सहयोगी पार्टी की हुई बैठक
दुद्धी, सोनभद्र– बुधवार को सपा कार्यालय पर आयोजित संयुक्त बैठक मे सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव ने दावा किया कि सहयोगी दलों के साथ हुए गठबंधन से प्रदेश में सपा प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।आगामी विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी और सहयोगी महान दल पार्टी की सरकार बनेगी। सूबे के अंतिम विधान सभा क्षेत्र में एक बार फिर परचम लहराने को आतुर समाजवादी पार्टी ने अपने सभी सहयोगी दलों के साथ बुधवार को बैठक कर रणनीति को साझा करने के साथ अपनी ताकत दिखाई।

तहसील मुख्यालय के गोंडवाना भवन परिसर में सपा जिलाध्यक्ष विजय यादव की अध्यक्षता में आहूत कार्यक्रम में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया, राष्ट्रीय लोकदल संतोष पटेल, अपना दल कमेरावादी के सीडी सिंह पटेल, जनवादी पार्टी के राम दुलारे सिंह, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के सुरेंद्र जायसवाल, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के रमाशंकर यादव, आदिम समाज पार्टी के इन्द्रकोल, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के उपेंद्र यादव, भागीदार पार्टी के संदीप कुमार समेत अन्य कई नेताओं ने केंद्र में मोदी एवं राज्य की योगी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए उनके नीतियों को जन विरोधी बताया।
सत्ताधारी पार्टी को कुर्सी से हटाने के लिए बारह दलों के लोगों को एक मंच पर आने की बात कहते हुए लगभग सभी जिलाध्यक्षो ने पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड़ के साथ न सिर्फ दुद्धी विधान सभा बल्कि जनपद के चारों सीटों पर समाजवादी झंडा फहराने के लिए उपस्थित सभी दलों के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अभियान में जुट जाने की अपील की। इस दौरान बैठक में शिरकत करने आई सपा की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव आफ़रीना खान का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर सपा के दुद्धी विधान सभा प्रभारी और जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने अतिथियों का आभार जताया। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव जायसवाल बिट्टू, नगर अध्यक्ष गौस मोहम्मद खान, दीपक कुमार, राजू शर्मा भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



