दुद्धी बार एसोसिएशन की चुनावी सरगर्मी बढ़ी,प्रत्याशियों ने जमीन तलाशनी की शुरू
26 जनवरी के पूर्व नई कार्यकारिणी के गठन की रही है परम्परा
दुद्धी, सोनभद्र– दुद्धी बार एसोसिएशन की नई कार्यकरिणी के चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ने लगी है | प्रतिष्ठापरक एसोसिएशन का सिरमौर बनने के लिए कई नये पुराने दिग्गजों ने खेमेबाजी शुरू कर अपनी जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है| आगामी दस जनवरी को होने वाली आम सदन की बैठक में इल्डर कमेटी गठित करने के संभावना जताई जा रही है| परंपरा के मुताबिक़ गणतंत्र दिवस पर झंडारोहण नये अध्यक्ष द्वारा ही किया जाता है|
दुद्धी बार एसोसिएशन के प्रतिष्ठापरक संस्था के अध्यक्ष का ताज पहनने के लिए जहां कई पूर्व अध्यक्षों द्वारा प्रचार प्रसार शुरू किया जा चुका है। वही कुछ नये चेहरे भी अपनी जमीन तलाशने में जुटे हुए हैं| जबकि अभी तक न तो इल्डर कमेटी का गठन हुआ है,और ना ही चुनावी कार्यक्रम तक की घोषणा की गई है| इसके बावजूद संभावित प्रत्याशियों द्वारा लोगों का कुशल क्षेम पूछने के साथ अपनी पैठ बनाने के प्रयास में लग गये है| चाय-पान की दुकानों पर चुनावी चर्चा शुरू होने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर भी माथा पच्ची शुरू हो गई है| बताते चलें कि जन समस्याओं को लेकर बेबाकी पूर्वक जनता के साथ आवाज बुलंद करने वाले इस एसोसिएशन के चुनाव को लेकर आम लोगों की निगाहें भी योग्य प्रत्याशी की ओर टिकी हुई है है|



