
कांटे के संघर्ष में 2 विकेट से गढ़वा झारखंड को हरा दुद्धी जूनियर टीम सेमीफाइनल में
फाइनल में प्रवेश के लिए 7 दिसंबर को होगी दुद्धी के दोनों टीमों में भिड़ंत
दुद्धी, सोनभद्र– मैन आफ द मैच आलोक के शानदार शतकीय पारी की बदौलत दुद्धी की जूनियर टीम गढ़वा झारखंड को 2 विकेटों से हरा सेमीफाइनल चक्र में प्रवेश कर लिया। 35 वर्षों के इतिहास में पहली बार दुद्धी की मेजबान जूनियर व सीनियर टीम फाईनल में प्रवेश के लिए आपस में भिड़ेंगी।जो काफी रोचक होगा। मैच का टॉस गढ़वा झारखंड के कप्तान रोहित ने जीता और ट्वेंटी-ट्वेंटी ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 210 रन बनाए। जिसमें सलामी बल्लेबाज शरीक ने दस छक्का और 5 चौके की मदद से सर्वाधिक 97 रन बनाए।
इसके अलावा हर्ष ने 4 छक्का और 6 चौका लगाते हुए 63 रन व राहुल ने 2 छक्का लगाते हुए 18 रन बनाए। दुद्धी के गेंदबाजों में रंजीत ने अपने निर्धारित 4 ओवरों के कोटे में मात्र 36 रन देकर 3 विकेट हासिल किया। इसके अलावा नागेंद्र व निशांत जौहरी को एक-एक विकेट मिला। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी दुद्धी की टीम 19.4 ओवरों में 8 विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। दुद्धी के बल्लेबाजों में उद्घाटक बल्लेबाज आलोक ने 4 छक्का और 14 चौकों की मदद से सर्वाधिक 106 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा नागेंद्र 28 और शिवम ने 16 रन बनाए।
गढ़वा के गेंदबाजों में कप्तान रोहित ने अपने निर्धारित 4 ओवरों में 37 रन देकर 4 विकेट अर्जित किया। इसके अलावा गौरव 3 और शारिक ने एक विकेट हासिल किया। दुद्धी जूनियर टीम की ओर से शतकीय पारी खेलने वाले खिलाड़ी आलोक को मैन ऑफ द मैच घोषित कर सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज एक्का के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर सुनील गुप्ता व इकबाल, स्कोरिंग आर्यन और राहुल विराट, कमेंट्री सुनील जायसवाल व अंकुर बच्चन व भालू ने किया। शुक्रवार को दुद्धी सीनियर व जूनियर के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।



