Breaking News

पुलिस उप महानिरीक्षक ने आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत दिये आवश्यक दिशा निर्देश 

देवरिया। पुलिस उप महानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र गोरखपुर जे०रविन्दर गौड़ द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक देवरिया डा0 श्रीपति मिश्र की उपस्थिति में मंगलवार को पुलिस लाइन्स स्थित मनोरंजन गृह में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष/चुनाव प्रभारी व अन्य अधि0/कर्म0गणों के साथ बैठक किया गया। बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कई बिन्दुओं पर विशेष ध्यान देते हुये आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

उन्होंने थानों द्वारा शस्त्रों को जमा कराकर सही ढंग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने , निर्वाचन हेतु पुलिस बल/सीपीएमएफ/होमगार्ड आदि के ठहरने के लिए विद्यालयों पर उचित प्रबन्ध करने, निर्वाचन के दौरान जहाँ पर पुलिस बल रुके वहाँ पर डाक्टरों के रहने की भी व्यवस्था कराना सुनिश्चित करने, मतदान के दिन निर्वाचन में लगे अधि0/कर्म0गणों के भोजन आदि की समुचित व्यवस्था करने, क्लस्टर मोबाइलों को कम से कम रिसपांस टाईम पर लगाये जाने, व सम्बंधित बी0डी0ओ0 से सम्पर्क कर लाईट व अन्य आवश्यक व्यवस्था कराना सुनिश्चित करने, एवं आचार संहिता का पालन कराये जाने व एरिया डोमिनेशन करते हुए बार्डर एरिया पर सतर्क दृष्टि रखे जाने हेतु निर्देशित किया ।

उन्होंने अवैध शराब निष्कर्षण/ बिक्री/ मादक पदार्थों की बिक्री/परिवहन के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने एवं बिहार राज्य में शराब बंदी के दृष्टिगत विधानसभा निर्वाचन में विशेष सतर्कता बरतने व थाना परिसर एवं कार्यालयों की साफ सफाई उच्चकोटि का रखने हेतु निर्देशित किया । पुलिस महानिरीक्षक ने कोविड-19 एवं नये वैरियेन्ट ओमीक्रान के दृष्टिगत मास्क एवं सेनेटाइजर का प्रयोग आवश्यकता से कराये जाने एवं बीट पुलिस अधिकारियों को और अधिक संवेदनशील करते हुए महिला आरक्षियों को भी थाना क्षेत्र में अपराध नियन्त्रण हेतु सहयोग के लिए लगाया जाने का निर्देश दिया।

उन्होंने टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों तथा 10 वर्ष में चिन्हित अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही किये जाने तथा टाप-10 अपराधियों की सूची को निरन्तर अद्यावधिक (अपडेट) करते हुए नये अपराधियों को सूची में सम्मिलित किये जाने तथा साथ ही साथ आगामी विधानसभा निर्वाचन में बाधा पैदा करने वाले घटकों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही किये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने किसी भी आपराधिक घटना की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुँचने तथा आवश्यक कार्यवाही करने के सम्बन्ध में निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन देवरिया में स्थित प्रभारी निरीक्षक यू0पी0-112 के कार्यालय जीर्णोधार का लोकार्पण किया गया एवं कन्ट्रोल रूम तथा यू0पी0 112 कार्यालय का निरीक्षण करते हुये ड्यूटी में उपस्थित पुलिस कर्मियो को उनके कर्तव्यों एवं दायित्यो के उचित दिशा निर्देश दिये गए । उक्त गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सोनकर तथा समस्त क्षेत्राधिकारी/ प्रभारी निरीक्षक /थानाध्यक्ष/प्रतिसार निरीक्षक/निरीक्षक प्रज्ञान शाखा/निरीक्षक रेडियो शाखा/ आशुलिपिक पुलिस अधीक्षक/प्रधान लिपिक/ प्रभारी एएचटीयू/प्रभारी चुनाव सेल तथा अन्य अधिकारी /कर्मचारीगण मौजूद रहें।

Related Articles

Back to top button