
20 दिन बाद भी गरीबों को नही मिला फ्री खाद्यान्न के साथ दाल नमक तेल,कार्ड धारकों में मायूसी
दुद्धी,सोनभद्र– शासन द्वारा मार्च तक गरीबों को फ्री खाद्यान्न के साथ साथ फ्री में दाल, नमक तथा तेल देने का आदेश दिसम्बर महीने के 20 दिन बाद भी गरीबों के पास नही पहुँच सका है। जिससे कार्ड धारकों में निराशा देखी जा रही हैं।राशन कार्ड धारक प्रतिदिन अपने डीलर से फ्री खाद्यान्न और दाल,नमक तथा तेल के लिए सम्पर्क कर रहे हैं। लेकिन कोटेदार द्वारा गोदाम से पूर्ण रूप से दाल, तेल तथा नमक नही मिलने के कारण वितरण शुरू नही होने की बात बताई जा रही है। जिससे राशन कार्ड धारक निराश होकर लौट रहे हैं।
जबकि प्रत्येक महीने के 5 से 15 के बीच पहले बैच का तथा 20 से 30 के बीच दूसरे बैच का राशन वितरण किया जाता था लेकिन इस बार दिसम्बर महीने के 20 दिसम्बर तक दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के बरखोहरा, हरपुरा, घिवही,दिघुल तथा टेढ़ा सहित दर्जन भर गांवों के गरीबों को अभी तक राशन नही मिल सकी है।जिससे गरीब राशन नही मिलने के कारण निराश हैं और इस बात की चर्चा होने लगी हैं कि दूसरे बैच का राशन वितरण का समय आ गया लेकिन अभी तक हम लोगों को पहले पखवाड़े का ही राशन नही मिल पाया है।
इस सम्बंध में उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि नमक,दाल तथा तेल गोदाम में पूर्ण रूप से नही आ पायी है।इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं जैसे ही सामग्री उपलब्ध हो जाएगी तो तत्काल फ्री खाद्यान्न के साथ अन्य फ्री सामग्री वितरण करा दी जाएगी।



