
युवक युवतियों को मिला रोजगार, चेहरे खिले
आइडियल सेवा समिति की पहल से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में आईं खुशियां
दुद्धी, सोनभद्र– तहसील मुख्यालय पर केंद्र व राज्य सरकार की मदद से संचालित ट्रेनिंग सेंटर यूनिवर्सल आइडियल सेवा समिति से प्रशिक्षण प्राप्त सहायक इलेक्ट्रिशियन युवक युवतियों का प्लेसमेंट हरियाणा के एक कम्पनी में होने से उनके चेहरों पर रौनक आ गयी। संस्थान द्वारा सोमवार को चार युवतियों समेत कुल 27 सहायक इलेक्ट्रीशियनों के समूह को तिलक लगाकर एवं गुड़ दही खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए दिल्ली के लिए रवाना किया गया| इस बाबत युनिवर्सल आइडियल ग्रुप के चेयरमैन दीपक तिवारी ने बताया कि यह बच्चे प्रशिक्षण के लिए तीन साल पहले चयन किये गए थे| किन्तु कोरोना काल की वजह से उनकी प्रशिक्षण अवधि पूरी नहीं हो पाई थी|
कोविड स्थिति सामान्य होने पर 910 घंटे का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हरियाणा की भिंडा इलेट्रिक कंपनी ने कैम्पस सलेक्शन के जरिये पहले बैच 28 प्रतिभागियों में से 27 का न सिर्फ चयन किया,बल्कि उनके प्रशिक्षण से प्रभावित होकर कंपनी के नुमाइंदो ने आश्वस्त किया कि इस ग्रुप से निकलने वाले सभी प्रशिक्षुओं को उनके प्रतिभा के आधार पर आगे भी रोजगार उपलब्ध कराते रहेंगे| सेंट्रल हेड नरेंद्र शर्मा ने बताया कि दसवीं तक की पढाई कर घर बैठी अनिता,प्रभावती,प्रमिला,संध्या के साथ दुरूह क्षेत्र के गांवों में मजदूरी करने जा रहे 23 अन्य बोर्ड या उसके समकक्ष शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं को विशेष ट्रेनिंग के जरिये उनको काबिल बनाकर दिल्ली भेजा गया| सचिव औरंगजेब ने बताया कि यहां से निकल कर रोजगार पाने वाले सभी युवाओं के छोटी बड़ी तमाम गतिविधियों पर पुरे साल नजर रखी जायेगी|



