Breaking News

35वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए दुल्हन की तरह सजी टीसीडी मैदान

जिला प्रशासन व मीडिया एकादश मैत्रीपूर्ण मैच के साथ आज होगा आगाज

दुद्धी, सोनभद्र– क्रिकेट नगरी दुद्धी में क्रिकेट के महाकुम्भ का आगाज 35वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में 19 दिसम्बर दिन रविवार को हो रहा है। क्रिकेट की इस इनामी प्रतिस्पर्धा के उद्घाटन को लेकर आयोजन समिति द्वारा शनिवार की शाम तक समूचे खेल मैदान को साफ-सफाई व रंगरोगन कर बैनर-पोस्टरों से भर दिया गया। 133 मीटर लम्बे व 66 मीटर चौड़े टीसीडी क्रीड़ांगन के बीचों बीच 22 गज जमीन के टुकड़े पर विगत एक पखवारे से मेजबान टीम के खिलाड़ियों द्वारा जबरदस्त मेहनत कर काली मिट्टी से उच्च क्वालिटी की पिच का निर्माण किया गया है। स्कोर बोर्ड, साईड स्क्रीन, कमेंट्री बॉक्स चुना-पेंट का चोला पहन अपने पूरे सवाब पर इठला रही हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो होंगे जबकि अध्यक्षता नगर चैयरमैन राजकुमार अग्रहरि करेंगे। कार्यक्रम में बतौर मेहमाने खास पधार रहे जिलाधिकारी सोनभद्र टी के शिबू व कप्तान बहादुर अमरेंद्र प्रसाद सिंह की मौजूदगी उद्घाटन समारोह की खूबसूरती व गरिमा में चार चांद लगाने का कार्य करेगी। आयोजन समिति द्वारा क्रिकेट के इस महाकुंभ में नगर सहित जनपद के कोने-कोने से आने वाले अतिथियों को बकायदा निमंत्रण कार्ड भेज उनकी गरिमामयी उपस्थिति का आग्रह किया गया है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जिलाधिकारी एकादश बनाम पत्रकार एकादश के बीच रविवार को सुबह 10 बजे औपचारिक उद्घाटन के पश्चात खेला जाएगा। टाउन क्लब के अध्यक्ष सुमित सोनी व सचिव जबीं खान ने खेलप्रेमियों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन की अपील की है।

Related Articles

Back to top button