Breaking News

अमृतसर से गिरफ्तार हुआ ट्रैक्टर परेड हिंसा का इनामी आरोपी…

चंडीगढ़ । गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के बाद हुई हिंसा के दौरान लाल किले पर झंडा फहराने के मामले में वॉन्टेड और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरजोत सिंह के तौर पर हुई है। गुरजोत पर लाल किला हिंसा मामले में वॉन्टेड था और उसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है।

गौरतलब है कि 26 जनवरी 2020 को हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी किसान बैरिकेड्स को तोड़कर राजधानी में दाखिल हो गए थे और आईटीओ सहित अन्य स्थानों पर उनकी पुलिस कर्मियों से झड़पें हुई थीं। कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किला पहुंच गए और ऐतिहासिक स्मारक में प्रवेश कर गए तथा उसकी प्राचीर पर एक धार्मिक झंडा लगा दिया। इस हिंसा में 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे, जबकि एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अपनी चार्जशीट कोर्ट में दायर कर दी है। दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर विभिन्न व्यक्तियों के खिलाफ 38 मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से पहले से तय मार्ग का पालन नहीं किया और दिल्ली में प्रवेश करने के लिए बैरिकेड्स तोड़ दिए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला करने के साथ ही राजधानी के कई हिस्सों में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद वो लाल किले में भी घुस गए और प्राचीर से झंडे को उखाड़ दिया था, जिनमें से दीप सिद्धू मुख्य आरोपी है।

Related Articles

Back to top button