
कोरोना महामारी : एडीओ पंचायत ने संभाली सफाई अभियान की कमान
ब्लाक क्षेत्र के ग्राम बुटबेढ़वा के सड़क,गली और हाट चमके
दुद्धी, सोनभद्र- कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर हुए जिला प्रशासन ने गांवों में कोविड जांच, टीकाकरण,साफ-सफाई एवं सेनिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। खासकर घनी आबादी एवं भीड़ भाड़ वाली हाट बाजार पर ज्यादा फोकस है। रविवार को दुद्धी ब्लाक के घनी आबादी एवं हाट बाजार वाले गांव बुटबेढ़वा में सफाई की कमान एडीओ पंचायत रविदत्त मिश्रा ने स्वयं संभाल ली।उन्होंने अपनी देखरेख में ग्राम विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह के साथ सफाईकर्मियों से मुख्य सड़क के किनारे पटरियों एवं नाली की सफाई,बाजार,गली समेत गांव के हर वार्ड में फैली गंदगी की सफाई कराई।
इसके साथ ही गांवों में नियमित सफाई के लिए दस की ग्रुप में सफाई कर्मियों का रोस्टर बनाकर बारी बारी सभी गांवों में युध्दस्तर पर सफाई एवं सेनिटाइजेशन कराने के निर्देश ग्राम विकास अधिकारियों को दिये हैं।उन्होंने चेताया कि इसमें लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।कोविड संक्रमण को रोकने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कोविड की जांच एवं टीकाकरण अवश्य करवायें तथा मास्क का प्रयोग हर हाल में करें। इसके साथ ही दो गज की दूरी एवं हाथों को बार बार धोएं।तभी हम सब कोरोना को हरा पाएंगे। उधर बुटबेढ़वा गांव में एकाएक साफ-सफाई अभियान को देखकर दर्जनों संभ्रांतजनों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यदि महीने में भी एक बार विधिवत सफाई हो जाये तो गांव चमक उठेगा और संक्रामक रोगों की भी रोकथाम हो सकेगी।





