
दुद्धी, सोनभद्र- कोरोना महामारी में आये दिन हो रही मौतों ने नगरवासियों की नींद उड़ा रखी है। गुरुवार की सुबह एक के बाद एक छः मौत की मिली खबरों ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। जेबीएस के अखाड़ा गुरु गोपाल प्रसाद चंद्रवंशी की पत्नी विमला देवी 58 वर्ष का बुधवार की देर रात निधन हो गया। दूसरी खबर मिली कि अधिवक्ता सुनील कुमार द्विवेदी की मां संध्या देवी 65 वर्ष की भी निधन बुधवार की देर रात हो गयी।तीसरी खबर मिली कि रामलीला कमेटी दुद्धी के अध्यक्ष रविन्द्र जायसवाल की बड़ी बहन शीला जायसवाल 59 वर्ष का भी बुधवार की रात निधन हो गया।
चौथी खबर मिली कि जीआईसी से सेवानिवृत हो चुके शुकरुल्लाह की पत्नी जमीला बेगम 55 वर्ष की भी बुधवार की रात में ही देहांत हो गया। पांचवी खबर ग्राम खजुरी के पूर्व प्रधान अकबर 58 वर्ष की मृत्यु से सम्बंधित मिली।वे कोविड -19 धनात्मक थे,उनका इलाज वाराणसी में चल रहा था।उन्होंने गुरुवार को अंतिम सांस ली।जबकि छठी खबर ग्राम खजुरी की ही शमशाद खान की पत्नी शकीला बानो 44 वर्ष की भी मौत की मिली, उन्हें भी सांस लेने में तकलीफ थी और ऑक्सीजन सेचुरेशन काफी कम हो गया था।
गुरुवार को इलाज के दौरान वाराणसी के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक ही दिन में मौत की मिली आधी दर्जन खबरों ने नगरवासियों को झकझोर कर रख दिया।अगली सुबह कौन सी मनहूस व बुरी खबर आने वाली है, सभी इसको लेकर लोग सशंकित रहने लगे हैं। बुजुर्गों और जानकारों की मानें तो अपने जीवन काल मौतों का इतना बुरा तांडव देखने को नही मिला। हां कभी हैजा,कालरा, प्लेग आदि गंभीर बीमारियों को लेकर फैली महामारी में ऐसी स्थिति सुनने को मिली थी। आधे दर्जन मौतों को लेकर शुभचिंतकों द्वारा जगह जगह शोकसभा आयोजित कर,पुण्य आत्माओं शांति हेतु प्रार्थना की गई।



