
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों ने दुनिया के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारत ने कोरोना के दैनिक मामलों में अमेरिका को भी पछाड़ दिया है। वर्ल्डोमीटर की माने तो देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 3.15 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा आना अभी बाकी है लेकिन देश में पहली बार कोरोना संक्रमण के इतने मामले सामने आए हैं, जिसने दुनिया का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके पहले दुनिया में एक दिन में सबसे ज्यादा नए संक्रमित मामले आने का रिकॉर्ड अमेरिका के पास था लेकिन अब भारत ने उसमें अमेरिका को पछाड़ दिया है।
बीते 6 दिनों में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 24 घंटों में 2101 लोगों की मौत हुई। इस के साथ मरने वालों की संख्या 1,84,672 हो गई है। अब तक कोविड के कुल संक्रमितों की संख्या 1,59,24,732 है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,14,835 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,59,30,965 हुई। 2,104 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,84,657 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 22,91,428 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,34,54,880 है।
पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 22,11,334 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13,23,30,644 हुआ।



