
वाराणसी। चुनाव में बसों के अधिग्रहण तथा वीकेंड लॉकडाउन में बसों का लगातार अभाव होने से आज यात्री काफी हलकान हुए। चौकाघाट व आसपास के इलाकों से पूर्वांचल के तमाम जिलों में जाने वाली बसें आज कई यात्रियों को नहीं मिल सकी जिससे वह काफी परेशान हुए। वैकल्पिक साधन खोजने के लिए तमाम यात्री परिजनों संग यत्र, तत्र भटकते नजर आए। रोडवेज में भी बसों की आजकल काफी कमी महसूस की जा रही है।
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसलिए दिल्ली ,मुंबई तथा अन्य महानगरों से आने वाली ट्रेनों से यात्री खचाखच भर कर आ रहे हैं। सभी चुनाव में वोट डालने के लिए जल्दी से जल्दी अपने अपने गृह नगर जाना चाहते हैं। ट्रेन आते ही लोगों की भारी तादाद रोडवेज बस अड्डे पहुंच रही। लोग बस देख ऐसे कूद पड़ते हैं मानो इसके बाद कोई बस या साधन मिलने वाला ही नहीं हो। तमाम वैसे भी खचाखच भर कर गंतव्य को रवाना हो रहे हैं।



