देवरिया में मिले 90 लोग कोरोना संक्रमित, कोरोना संक्रमित महिला की मौत
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित 12 कोरोना पॉजिटिव ,प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित आठ स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव
देवरिया। कोरोना वायरस का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना से प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को 90 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जबकि कोरोना संक्रमित एक महिला की मेडिकल कालेज गोरखपुर में मौत हो गई। जिले में अन्य प्रदेशो से आने वालों की जांच के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को 90 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7160 हो गई है। जबकि 6711 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ने के बावजूद सभी कार्यालयों व सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ लग रही है। बिना मॉस्क के लोग घूम रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिग का पालन भी नहीं कर रहे हैं। कोरोना से संक्रमित 161 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। एक्टिव केस की संख्या 351 हो गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित 12 कोरोना पॉजिटिव
देवरिया। जिला अस्पताल में एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। इस केंद्र पर शनिवार को 193 लोगों की जांच की गई। इसमें आरटीपीसीआर तथा एंटीजन टेस्ट शामिल है। इसमें सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। कोविड-19 हास्पिटल एमसीएच विंग के नोडल अधिकारी डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कोविड लेवल-वन व टू केे मिलाकर शनिवार को चार मरीज थे, जिसमेें दो को रेफर कर दिया गया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी समेत आठ स्वास्थ्य कर्मी हुए संक्रमित
भाटपाररानी। भाटपाररानी नगर स्थित पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित आठ स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को सभी होम आइसोलेशन में चले गए। भाटपाररानी पीएचसी पर ओपीडी महिला संविदा कर्मचारी की देखरेख में चल रहा है। इलाज कराने आए क्षेत्र के दर्जनों मरीज पूरे दिन भटकते रहे। जानकारी होने पर लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में जाने से डर रहे हैं। देहात क्षेत्रों में यह तेजी से पांव पसार रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वे इस समय होम आइसोलेशन में हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डाँ. आलोक पांडेय ने बताया कि जनपद में 90 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों की भी जांच कराई जा रही है। रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर भी लोगों की जांच कराई जा रही है। सैंपलिंग भी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा अन्य जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन करने को कहा है।



