UP Live

पुलिस कमिश्नर ने कालभैरव, बाबा विश्वनाथ दरबार मे हाजिरी लगाकर कार्यभार किया ग्रहण

अपराध पर अंकुश लगाने के साथ बनारस की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की पहल शुरू

वाराणसी। बनारस के पहले पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने आज काशी पहुंचकर अपना विधिवत कार्यभार ग्रहण कर अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ काशी की बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए काम शुरू कर दिया। इस दौरान मीडियाकर्मियों से मिलकर उन्हों ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाई। उन्होंने कहा कि बनारस को अपराध मुक्त रखना उनका प्रथम लक्ष्य होगा। यहां की यातायात व्यवस्था पहले से जटिल है । उसमें सुधार करने के लिए आज से ही काम शुरू कर रहा हूँ। हवा में चुनाव खूबसूरत संपन्न कराने के अलावा जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने की हर कोशिश करूंगा।

कमिश्नरेट के पहले पुलिस कमिश्नर ए.सतीश गणेश शनिवार को वाराणसी पहुंच गये। कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व परम्परा के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेकने के बाद काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के स्वर्णशिखर वाले दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में भोग आरती के बाद पहुंचे पुलिस कमिश्नर ने बाबा का विधि विधान से षोडशोपचार पूजन किया। मंदिर ​के पुजारी ने विधि विधान से पूजन कराने के बाद प्रसाद भी दिया। इसके पहले सर्किट हाउस में पहुंचने पर मातहत अफसरों ने उनकी अगवानी की। मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले पुलिस कमिश्नर 1996 बैच के आईपीएस अफसर है।

काशी में बढ़ जाएगी आईपीएस की संख्या

अभी किसी भी जिले में छह से सात आईपीएस होते हैं। नया सिस्टम लागू होने पर एक जिले में 15 से 20 आईपीएस तैनात होंगे। पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने पर जिला अधिकारी और एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के अधिकार पुलिस अधिकारियों को मिल जाते हैं। कानून व्यस्था से जुड़े मामलों में अब पुलिस कमिश्नर सीधे निर्णय ले सकेंगे।

पुलिस को मिले अतिरिक्त पावर

जिले में कमिश्नर सिस्टम लागू होते ही एसडीएम और एडीएम को दी गई एग्जीक्यूटिव मैजिस्टेरियल पावर पुलिस को मिल गई है। इससे पुलिस शांति भंग की आशंका में निरुद्ध करने से लेकर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और रासुका तक लगा सकेगी। इन कार्यो को करने के लिए अब डीएम से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके पहले इन कार्यो के लिए डीएम की सहमति जरूरी होती थी।

साइबर साथी सेल की होगी शुरुआत, यातायात होगा सुगम -पुलिस कमिश्नर

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद आज अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बनारस में अपराध कंट्रोल के साथ यातायात व्यवस्था व पुलिसिंग प्रणाली में व्यापक सुधार होंगे। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत अधिकारियों की नई नियुक्ति के साथ उन्हें स्ट्रक्चर के बाबत हर जानकारी से अपडेट किया जाएगा । बनारस में साइबर अपराध रोकने के लिए साइबर साथी योजना शीघ्र लागू होगी। साइबर मामलों में मीडिया का सहयोग भी लेंगे। उन्होंने कहा कि आईपीएल मैच शुरू होने वाले हैं अक्सर शिकायत मिलती है कि इस पर सट्टा जुआ खेला जाता है। जिससे युवा वर्ग में भटकाव देखने में आया है। इसे रोकने के लिए पुलिस हर पल सतर्क रहेगी और खुफिया जाल बिछा कर उन पर कार्रवाई भी होगी। किसी भी तरह के अपराध कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे, गुंडे माफियाओं पर कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि चैन स्नैचिंग रंगदारी समेत हाल के अपराध के सभी मामलों की जांच करा कर संबंधित लोगों को जेल भेजा जाएगा। थानों पर आम आदमी के साथ अच्छा बर्ताव हो इसके लिए विशेष पहल होगी। अपराध की प्रकृति के अनुसार हर मामले को थाने में दर्ज किया जाएगा अपराधी छोटा हो या बड़ा पुलिस की पकड़ से बाहर नहीं होगा। इसके लिए शहर के सभी सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करने का निर्देश भी दे दिया गया है। चौराहों के आसपास 100 मीटर के दायरे में सवारी उतारने बैठाने पर रोक रहेगी ताकि यातायात सुगम रहे। सड़क की पटरी पर कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई शुरू होगी। पुलिसिंग व्यवस्था में जिस दिन सुधार दिखेगा उस दिन मैं अपनी सफलता मानूंगा। उन्होंने कहा कि अक्सर घाटों के आसपास ड्रग सप्लायरों का चेन रहता है।घाट किनारे होटलों ने किसी भी तरह की अवैध गतिविधि ना हो इसके लिए पुलिस का अलग फोकस रहेगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा मैं खुद आकस्मिक चेकिंग कर शहर के यातायात व अन्य व्यवस्थाओं को देख उचित कार्रवाई भी करेंगे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button