
बीते दिनों ट्विटर के बॉस जैक डोरसी ने अपने ट्वीट को एनएफटी के रूप में बेचा। डोरसी का यह ट्वीट करीब 21 करोड़ रुपये में बिका है। जिसके बाद एनएफटी खासा चर्चा में रहा है। इस ट्वीट को ब्रिज ओरेकल के सीईओ सीना एस्तावि ने खरीदा है। उनके अलावा संगीतकार ग्रिम्स ने हाल ही में अपनी क्रिप्टो आर्ट को नॉन-फंजेबल टोकन(एनएफटी) के माध्यम से $ 5.8 मिलियन में बेचा था। एनएफटी एक अनूठा डिजिटल प्रमाण पत्र है, जो बताता है कि ऑनलाइन मीडिया में फोटो, वीडियो आदि का मालिक कौन है। इसका इस्तेमाल बीते दिनों कई कलाकारों और बहुचर्चित लोगों के द्वारा डिजिटल यूनिक वर्क को खरीदने और बेचने में किया गया है।
क्या होता है NFT?
NFT का मतलब नॉन-फंजिबल टोकन है, जो एक क्रिप्टोग्राफिक टोकन है। यह किसी अनोखी चीज/डिजिटल आर्ट वर्क को दर्शाता है। किसी व्यक्ति के पास NFT का होना यह दर्शाता है कि उसके पास कोई खास/विशेष या एंटीक डिजिटल आर्ट वर्क है जो दुनिया में और किसी और के भी पास नहीं है। NFT टोकन्स विशेष होते हैं। ये डिजिटल असेट्स का ही रूप होते हैं जो वैल्यू को जनरेट करते हैं। NFT को एक्सचेंज नहीं किया जा सकता है। क्योंकि ये यूनिक आर्ट पीस होते हैं और इसका हर टोकन भी अपने आप में यूनिक होता है।
डिजिटल गेमिंग की दुनिया में खासा चर्चित
NFT को डिजिटल गेमिंग की दुनिया में खास अहम माना जाता है। यहां कैरेक्टर्स या किसी अन्य प्रॉपर्टी का इस्तेमाल उन लोगों द्वारा नहीं किया जा सकता है जिन्होंने उसे नहीं खरीदा है। उदाहरण के तौर पर- अगर किसी प्लेयर ने कोई वर्चुअल रेस ट्रैक खरीदा है तो दूसरे प्लेयर्स को उसे इस्तेमाल करने के लिए पहले प्लेयर को पैसे देने होंगे। ऐसे में यह गेमिंग की दुनिया के लिए यह एक बड़ा मार्केट है।
बिटकॉइन और NFT में अंतर्
बिटकॉइन एक डिजिटल संपत्ति है, जबकि NFT एक यूनिक डिजिटल असेट है। इसके हर टोकन की वैल्यू भी यूनिक होती है। उदाहरण से समझे तो अगर किसी डिजिटल आर्ट वर्क को तकनीक की दुनिया में अपलोड किया जाता है, तो उसे NFT यानी नॉन-फंजिबल टोकन की श्रेणी में रखा जाता है।
कैसे काम करता है NFT
नॉन-फंजिबल टोकन का इस्तेमाल डिजिटल असेट्स या सामानों के लिए किया जा सकता है जो एक दूसरे से अलग होते हैं। इससे उनकी कीमत और यूनिकनेस साबित होती है। ये वर्चुअल गेम्स से आर्टवर्क तक हर चीज के लिए स्वीकृति प्रदान कर सकते हैं। NFT को स्टैंडर्ड और ट्रेडिशनल एक्सचेंजेज में ट्रेड नहीं किया जा सकता है। इन्हें सिर्फ डिजिटल मार्केटप्लेस में खरीदा या बेचा जा सकता है।
ये लोग रहे हैं खासा चर्चा में
एनएफटी के बारे में लोगों का ध्यान तब आकर्षित हुआ जब कुछ ही दिन पहले एक 10 सेकंड की वीडियो क्लिप करीब 66 लाख डॉलर यानी करीब 48.44 करोड़ रुपये में बिकी। इसे मियामी के एक आर्ट कलेक्टर पाब्लो रोड्रिगूज फ्रेले ने खरीदा। यह एक कंप्यूटर जनरेटेड वीडियो है। ट्विटर के बॉस जैक डोरसी ने भी बीते सोमवार को 2.9 मिलियन डॉलर से ज्यादा के लिए एनएफटी के रूप में अपना पहला ट्वीट बेचा है। ये ट्वीट ‘जस्ट सेटिंग टू ट्विटर ‘ डोरसी का पहला ट्वीट था, जो 21 मार्च 2006 को बनाया गया था।



