NationalOpinion

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया, 31 मार्च तक स्कूल सहित सारे सिनेमाघर बंद

नई दिल्ली । दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों, कॉलेजों और सिनेमा घरों को एहतियाती तौर पर 31 मार्च तक बंद रखने की गुरुवार को घोषणा की। केवल वे स्कूल और कॉलेज खुले रहेंगे जहां अभी परीक्षाएं जारी हैं। सरकार ने सरकारी, निजी कार्यालयों, शॉपिंग मॉलों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों को संक्रमण मुक्त बनाना अनिवार्य कर दिया गया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल और शीर्ष सरकारी अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह फैसला किया गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) के फ्लैटों और निर्माणाधीन अस्पतालों में दिल्ली सरकार पृथक रखे जाने की सुविधाओं का इंतजाम कर रही है।

उन्होंने कहा, ”सभी सिनेमाघर 31 मार्च तक बंद रहेंगे। जहां परीक्षाएं जारी हैं उनके अलावा सभी स्कूल और कॉलेज भी कोरोना वायरस के मद्देनजर 31 मार्च तक बंद रहेंगे। सरकार ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया है।” उन्होंने जरूरत पड़ने पर कोरोना वायरस के मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पतालों में 500 से अधिक बिस्तरों की सुविधा होने की जानकारी देते हुए सरकार के कोविड-19 से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार होने की बात कही।
केजरीवाल ने बताया कि बैठक में कोरोना वायरस से निपटने के लिए अभी तक उठाए कदमों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा, ”हम हर कदम कोरोना वायरस से निपटने के लिए उठा रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि इससे हमें मदद मिलेगी। विश्वभर में बढ़ी तेजी से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं जबकि भारत में हम अभी तक इसे नियंत्रित करने में कामयाब रहे हैं। अगर हम सावधान रहें तो हम कोरोना वायरस से अपने देश को बचा सकते हैं।”

भारत में कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 73 हो गई है। तेरह नए मामलों में से नौ मामले महाराष्ट्र से, जबकि एक-एक मामला दिल्ली, लद्दाख और उत्तर प्रदेश से सामने आया है। वहीं एक विदेशी नागरिक भी इससे संक्रमित पाया गया है। राज्यवार आंकड़े बताते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली में बृहस्पतिवार (12 मार्च) तक कोरोना वायरस के छह मामले सामने आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 10 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में 11 और लद्दाख में तीन मामले सामने आ चुके हैं।

मंत्रालय ने कहा कि राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में एक-एक मामला सामने आया है। केरल में अब तक कोरोना वायरस के 17 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें वे तीन लोग भी शामिल हैं जिन्हें पिछले महीने इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित 73 लोगों में 17 विदेशी नागरिक हैं। इनमें 16 इतालवी हैं।
वहीं दूसरी ओर, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि ईरान में 6000 भारतीय फंसे हैं, जिनमें महाराष्ट्र के 1100 तीर्थयात्री और जम्मू कश्मीर के 300 छात्र शामिल हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक जोर तीर्थयात्रियों को वापस लाने का है जिनमें अधिकतर ईरान के कोम में फंसे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान में फंसे भारतीयों में से 529 के नमूनों में 229 जांच में नकारात्मक पाए गए हैं। जयशंकर ने बताया कि ईरान में 1000 भारतीय मछुआरे फंसे हुए हैं और इनमें से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान में व्यवस्था गंभीर दबाव में है और इसलिए हमें वहां मेडिकल टीम भेजनी पड़ी और बाद में क्लीनिक स्थापित करना पड़ा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button