
प्रधानमंत्री मोदी ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, विपक्ष के सवालों का दिया जवाब
बंगाली वेशभूषा और असमिया गमछे में दिखे मोदी, पुडुचेरी की नर्स ने लगाया टीका
दुनिया के सबसे बड़े कोविड टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण या यूं कहिये कि आम जनता के लिए शुरू किए गए पहले चरण की शुरुआत आज से हो गई है। वैक्सीन के प्रति जनता का भरोसा प्रबल करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के एम्स में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। उन्होंने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन की डोज ली। ट्वीटर पर इसकी जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से भारत को कोरोना मुक्त करने में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने कहा, “हमारे चिकित्सकों और वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने का काम किया है। आइए हम सभी साथ मिलकर भारत को कोरोना मुक्त करने में योगदान दें।” इससे पहले प्रधानमंत्री सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल में पहुंचे और उन्होंने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन की पहली खुराक ली। पुडुचेरी की सिस्टर पी. निवेदा ने वैक्सीन लगायी।
Watch PM @narendramodi visit AIIMs, New Delhi in the wee hours of the day to get himself administered for the first dose of the Covid-19 vaccine. pic.twitter.com/2rplLO3vSA
— PB-SHABD (@PBSHABD) March 1, 2021
उल्लेखनीय है कि देशभर में दूसरे चरण का कोरोना टीकाकरण अभियान सोमवार यानी आज से शुरू हो गया है। इस चरण में साठ साल से अधिक उम्र के लोगों और 49-59 साल के उन लोगों के लिए टीकाकरण की शुरूआत हुई है जो गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं। मंत्रालय ने एकदिन पहले ही उन 20 गंभीर बीमारियों की सूची जारी कर दी है जिनका टीकाकरण किया जाना है।



