
करखियाव में अमूल की जमीन के लिए सीमांकन करने पहुँचे पुलिस प्रशासन का किसानों ने किया विरोध
पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव स्थित एग्रो पार्क के पूर्वी छोर की जमीन का सीमांकन करने पहुचे पुलिस प्रशासन को किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने विरोध का नेतृत्व कर रहे किसान नेता धनंजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इससे उत्तेजित किसान और आक्रोशित हो गए और फूलपुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। बताते चलें कि शनिवार को दोपहर 2 बजे एसडीएम पिंडरा जयप्रकाश व तहसीलदार रामनाथ राजस्व विभाग के दर्जन लेखपाल व मय फोर्स के साथ करखियाव स्थित अमूल के लिए आवंटित जमीन पर सीमांकन करने के लिए पहुचे।
इसकी सूचना किसानों को भी लग गई और वह भी मौके पर पहुच गए और सीमांकन का विरोध करने लगे। विरोध का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह को जब एसडीएम ने गिरफ्तार कर पुलिस को सौंपा तो किसान और आक्रोशित हो गए और पुलिस जीप के पीछे पीछे थाने तक आ गए और थाने के सामने गेट पर बैठ गए। इस दौरान किसान पुलिस प्रशासन के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों के धरने के बीच कांग्रेसी भी मौके पर पहुच गए। लगभग 2 घण्टे यानी साढ़े तीन घण्टे से लेकर सायँ 5 बजे तक चले धरना प्रदर्शन को पुलिस से लाठीचार्ज कर भीड़ को हटा दिया और कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
इस दौरान एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह , एसपीआरए विनय कुमार सिंह पहुचे लेकिन किसानों के साथ वार्ता का प्रयास किया लेकिन विफल हो गई। किसानों की मांग थी कि उनके गिरफ्तार किसान नेता धनंजय सिंह को रिहा करे और कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। निर्णय के बाद ही सीमांकन व कब्जा किया जाय। बिरोध को देखते हुए सिंधोरा, बड़ागाँव पुलिस फोर्स के साथ पीएसी व साथ महिला पुलिस फोर्स भारी संख्या में तैनात रही। धरना प्रदर्शन करने पर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष विघ्नेश्वरानंद उपाध्याय, विकास सिंह ,राजकुमार यादव,रामानन्द यादव, निहाला पाल,पंकज यादव, मनोज राजभर, जड़ावती, हीरावती,प्रमिला समेत दर्ज़नो किसान उपस्थित रहे। लाठीचार्ज के बाद भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग इधर उधर भागने लगे।



