Health

कोरोना अपडेट : जारी है नए मामलों में गिरावट, पिछले 24 घंटे में मिले 16,432 नए मरीज

नई दिल्ली : कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 16,432 नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जो हाल के कुछ महीनों में एक दिन में सामने आए संक्रमितों की सबसे कम संख्या है। वहीं, संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर 98 लाख के पार पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 16,432 नए संक्रमित मिले हैं, इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,02,24,303 हो गई है। वहीं, इस दौरान 252 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाई है, इसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1,48,153 हो गई है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर 98,07,569 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 24,900 मरीजों ने वायरस को मात दी है और इलाज के बाद ठीक होकर घर लौटे हैं। वहीं, देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या तीन लाख से नीचे बनी हुई है।

आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2,68,581 है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। देश में कोविड-19 के मामलों में मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत है, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.82 प्रतिशत हो गई है।

भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। संक्रमित लोगों की संख्या 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button