UP Live

आरटीपीसीआरसे जिला कारागार में 188 बंदियों की जांच होने पर पाए गये चार संक्रमित

रिहा हो चुके दो बंदिओं की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई, जेल में मौजूद दोनों बंदी क्वारंटाइन बैरक में

जौनपुर। जिला कारागार में जिन 188 बंदियों की आरटीपीसीआर से जांच हुई थी, उनमें से चार के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आई है। इनमें से दो रिहा हो चुके हैं। जबकि दो कैदी पहले से ही जेल के क्वारंटाइन बैरक में रखे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद जेल प्रशासन ने अन्य बंदियों को संक्रमण से बचाने के लिए सतर्कता और बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि बीते रविवार को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बंदियों का सैंपल लेने के लिए स्वास्थ्य महकमेे की टीम भेजी थी। नए व पुराने बंदियों को मिलाकर कुल 502 का सैंपल लिया गया था। एंटीजन सैंपल निगेटिव आने के बाद 188 बंदियों का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया था। इसकी रिपोर्ट बुधवार को आ गई। जेलर राज कुमार ने बताया कि रिपोर्ट में चार बंदियों को कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया है। सिकरारा थाना क्षेत्र के डमरूआ गांव निवासी इनमें से दो बंदी रिपोर्ट आने से पूर्व ही रिहा हो चुके हैं। अन्य दो बंदी पहले ही कारागार के क्वारंटाइन बैरक में रखे गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा लगाई गई स्वास्थ्य विभाग की टीम नियमित रूप से जेल में आकर इनका स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उपचार करती है। जेल प्रशासन इन्हें काढ़ा आदि उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि रिहा हो गए दोनों संक्रमित बंदियों के बारे में स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी गई है। इसी के साथ ही अन्य बंदियों को संक्रमण से बचाने के लिए जेल में अतिरिक्त सतर्कता भी बरती जा रही है।

Related Articles

Back to top button