
वाराणसी। काशी आने वाली ट्रेनों को संक्रमण शून्य रखने के लिए रेलवे यांत्रिक विभाग ने नई योजना बनाई है। वैश्विक महामारी के बीच अब पूरे देश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई तो धीरे- धीरे ट्रेनों के पटरी पर लौटने का सिलसिला भी चल पड़ा। संक्रमण के दौर में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के मद्देनजर बाहर से आने वाली ट्रेनों में डिसइंफेक्टिव स्प्रे का छिड़काव कराने की योजना शुरू हुई है। कैंट स्टेशन से बनकर चलने वाली ट्रेनों को स्थानीय स्तर पर सैनिटाइज कराया जाता है, लेकिन यहां से गुजरने वाली गाड़ियों में समयाभाव के चलते बेहतर सफाई नहीं हो पाती। यहां ट्रेन क्लीनिंग एजेंसी के कर्मचारियों को महज दस मिनट के अंदर ट्रेनों को सैनिटाइज करना पड़ता है। कम समय में बेहतर सफाई के लिए रेलवे प्रशासन ने बाहर से आने वाली ट्रेनों में डिसइंफेक्टिव स्प्रे के छिड़काव की योजना पर काम शुरू किया है। यांत्रिक विभाग ने सफाई एजेंसी को ट्रेनों में डिसइंफेक्ट स्प्रे का छिड़काव कराने का निर्देश दिया है। इससे 99.9 फीसदी जर्म और बैक्टीरिया का खात्मा भी हो जाता है। इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अब नियमित ट्रेनों में छिड़काव भी शुरू हो चुका है।



