Breaking News

पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का निधन , उपराष्ट्रपति , प्रधानमंत्री दु:ख जताया

उपराष्ट्रपति श्री एम.वेंकैया नायडू ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल के निधन पर शोक जताया है। “ गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री केशूभाई पटेल के निधन की खबर सुनकर काफी दु:ख पहुंचा है। वह एक लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और निचले तबके के लोगों की सेवा में लगा दिया। किसान परिवार से आने वाले केशूभाई हमेशा से किसानों के हित के लिए संघर्ष करते रहे। वहां बिना थके उनके हितों की लड़ाई लड़ते रहे और कृषि सुधारों के लिए उन्होंने अहम कदम उठाए। किसान और ग्रामीण भारत हमेशा से उनके दिल में बसते थे। एक साधारण परिवार से आने वाले  केशूभाई पटेल अगर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे, तो उसकी वजह उनके अंदर कठिन परिश्रम करने की क्षमता, जमीन से जुड़े होने का गुण, सरल स्वभाव और कुशल नेतृत्व क्षमता का होना था। वह मुख्यमंत्री होते हुए भी सबके लिए सुलभ थे। उनके निधन से देश ने महान नेता को खो दिया है। मैं उनके शोक संतप्त परिवार और मित्रों के लिए संवेदना प्रकट करता हूं।

प्रधानमंत्री  नरेन्‍द्र मोदी ने गुजरात के पूर्व मुख्‍यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। प्रधानमंत्री ने कईं ट्वीट कर कहा ‘‘हमारे प्रिय और सम्‍मानित केशुभाई का निधन हो गया है। मुझे इससे काफी आघात पहुंचा है। वह एक विख्‍यात राजनेता थे उन्‍होंने समाज के हर वर्ग की बेहतरी के लिए काम किया। उन्‍होंने अपना पूरा जीवन गुजरात के विकास और प्रत्‍येक गुजराती के सशक्तिकरण में लगा दिया। केशुभाई ने जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरे गुजरात की यात्रा की और उन्‍होंने आपातकाल का जमकर विरोध किया था। किसानों से जुड़े मसलों को लेकर वह हमेशा संवेदनशील रहते थे चाहे वह विधायक, सांसद, मंत्री अथवा मुख्‍यमंत्री के पद पर रहे हों, उन्‍होंने हमेशा किसानों के हितों के अनुकूल फैसले लिए और इन्‍हें क्रियान्वित भी किया। केशुभाई मुझ समेत अन्‍य युवा कार्यकर्ताओं के लिए विश्‍वसनीय मार्गदर्शक बने। सभी को उनका मिलनसार स्‍वभाव पसंद था। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है और उनके निधन से आज हम सभी दुखी हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ है। मैंने उनके पुत्र भरत से बातचीत कर अपनी संवेदनाएं व्‍यक्‍त की हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने ट्वीट में श्री शाह ने कहा कि “गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन गुजरात की जनता की सेवा में समर्पित रहा। केशुभाई के निधन से गुजरात की राजनीति में ऐसी रिक्तता आयी है जिसका भरना आसान नहीं है। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ”। श्री अमित शाह ने यह भी कहा कि “भाजपा में रहते हुए गुजरात में संगठन को सशक्त करने में केशुभाई ने अहम भूमिका निभाई। सोमनाथ मंदिर के ट्रस्टी के रूप में उन्होंने मंदिर के विकास में हमेशा बढ़ चढ़कर सहयोग किया। अपने कार्यों व व्यवहार से केशुभाई सदैव हमारी स्मृति में रहेंगे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें”। श्री केशुभाई पटेल 1995 और 1998 से 2001 तक दो बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। वे छह बार गुजरात विधानसभा के लिए चुने गए। 1977 में आपातकाल के बाद श्री केशुभाई पटेल राजकोट से लोकसभा के लिए चुने गए बाद में उन्होने संसद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

 

Related Articles

Back to top button