दुनिया की नजर में भारतीय रेल की ताकत: IITF-2026 में बरेका के लोकोमोटिव मॉडल ने खींचा सबका ध्यान
नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला IITF-2026 में भारतीय रेल का ‘विकास भी, विरासत भी’ मंडप आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के WAP-7, WAG-9 और निर्यात लोकोमोटिव के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन, अंजी ब्रिज, बुलेट ट्रेन, वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर की झलक रेलवे के आधुनिकीकरण, तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।
नई दिल्ली। प्रगति मैदान में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF-2026) में भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से ‘विकास भी, विरासत भी’ थीम पर आकर्षक मंडप तैयार किया गया है। मंडप में भारतीय रेलवे की गौरवशाली विरासत, आधुनिक तकनीकी उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। यहां बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लोकोमोटिव मॉडल आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
भारतीय रेल मंडप के माध्यम से आत्मनिर्भर, सशक्त एवं विकसित भारत की परिकल्पना को दर्शाते हुए रेलवे के तकनीकी नवाचार, आधुनिकीकरण और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में भारतीय रेल की उपलब्धियों के साथ उसकी भविष्य की विकास योजनाओं की भी झलक देखने को मिल रही है।
बरेका के लोकोमोटिव मॉडल ने खींचा आगंतुकों का ध्यान
मंडप में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) द्वारा निर्मित WAP-7 यात्री इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, WAG-9 मालवाहक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव तथा निर्यात के लिए निर्मित लोकोमोटिव के आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से बरेका की आधुनिक विनिर्माण क्षमता, तकनीकी दक्षता, स्वदेशी उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय रेल की बढ़ती पहचान को दर्शाया गया है।लोकोमोटिव के मॉडल मेले में आने वाले दर्शकों, रेलवे के प्रति उत्साही लोगों और बच्चों के बीच विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
विरासत और आधुनिकता का संगम
भारतीय रेल मंडप के बाहरी हिस्से में राजस्थान की समृद्ध स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करते हुए जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन की आकर्षक संरचना प्रदर्शित की गई है। पारंपरिक वास्तुकला के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं नवीन तकनीक का समन्वय इस मॉडल की विशेषता है, जो ‘विकास भी, विरासत भी’ की थीम को साकार रूप देता है।
इसके साथ ही अंजी ब्रिज, न्यू डबल रेल लाइन मोकामा ब्रिज, बुलेट ट्रेन परियोजना, भारत की पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत, अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर के मॉडल एवं प्रदर्शनों के माध्यम से भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और विस्तार की झलक प्रस्तुत की गई है।
बच्चों और युवाओं के लिए भी रोचक आयोजन
मंडप में लगाई गई इंटरैक्टिव स्क्रीन पर भारतीय रेलवे की विरासत, तकनीकी उपलब्धियों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं। बच्चों के लिए रेलवे से जुड़े रोचक क्विज की व्यवस्था भी की गई है, जिससे वे खेल-खेल में भारतीय रेल की नई तकनीकों, उपलब्धियों और भविष्य की परियोजनाओं के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।
बरेका अधिकारियों ने दी तकनीकी जानकारी
मेले में आगंतुकों को भारतीय रेल की उपलब्धियों, बरेका की उत्पादन क्षमता, लोकोमोटिव निर्माण और निर्यात गतिविधियों के बारे में बनारस रेल इंजन कारखाना के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी।बरेका की तकनीकी एवं उत्पादन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता आलोक कुमार सिंह, मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (विद्युत) एस.के. पांडेय, मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (फिटर) वीरेंद्र कुमार तथा मुख्य कर्मशाला प्रशिक्षक (फिटर) अवधेश कुमार का विशेष सहयोग रहा।
भारतीय रेल का यह मंडप अपनी उपलब्धियों के प्रदर्शन के साथ विकसित भारत के निर्माण में रेलवे की भूमिका, तकनीकी आत्मनिर्भरता, नवाचार और देश की गौरवशाली विरासत के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित कर रहा है।
UPSSSC भर्ती का रिजल्ट जारी: 417 पदों में 414 अभ्यर्थियों का चयन, 3 पद रह गए खाली



